‘UP नहीं संभल रहा है तो गद्दी से उतरकर जाइए’, नोएडा बवाल पर अखिलेश का CM योगी पर तंज
अखिलेश यादव ने नोएडा के मजदूर आंदोलन पर बीजेपी सरकार को घेरा है. उन्होंने कहा कि सरकार मजदूरों के आंदोलन को साज़िश बताकर बदनाम कर रही है, जबकि यह उनकी पूंजीवादी नीतियों और बढ़ती महंगाई का परिणाम है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस्तीफा तक की मांग कर दी.
नोएडा में फैक्टरी वर्कर्स वेतन बढ़ाने और श्रमिक अधिकारों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार को प्रदर्शन हिंसक हो गया, कई इलाकों से आगजनी और तोड़फोड़ की गई. इस बीच अब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसको लेकर बीजेपी को घेरा है. साथ ही सीएम योगी के षड्यंत्र वाले बयान पर हमला करते हुए इस्तीफा तक की मांग कर दी है.
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार जनता के लिए ‘ट्रबल इंजन’ बन गई है और हालात बद से बदतर हो रहे हैं. नोएडा में जो आंदोलन चल रहा है, उसे BJP सरकार की एकतरफ़ा पॉलिसी से हवा मिल रही है, जो कैपिटलिस्ट को बढ़ावा देती है, लेकिन आम कर्मचारियों और सैलरी पाने वाले मजदूरों का शोषण करती है.
मजदूर आंदोलन को साजिश बताना घोर निंदनीय
सपा प्रमुख ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘अगर मुख्यमंत्री नोएडा के मजदूरों के आंदोलन को किसी की साज़िश बता रहे हैं तो एक सवाल जनता पूछ रही है कि अगर ये सच है तो आपकी खुफिया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गई थी या वनस्पति की खोजबीन में लीन थी?’ उन्होंने मजदूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम का दावा किया.
उन्होंने आगे लिखा कि, ‘ मज़दूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप ये बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गये? आप मजदूरों के जख़्मों पर मलहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं लेकिन उन जख़्मों पर नमक तो न छिड़कें.’ अखिलेश ने कहा कि दोषारोपण का पाप घोर निंदनीय है, इससे हालात बदतर हो जाएंगे.
‘प्रदेश नहीं संभल रहा है तो गद्दी से उतरकर जाइए’
अखिलेश यादव ने एक दूसरे एक्स पोस्ट में लिखा, ‘अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतरकर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी. भाजपाई ख़ुद तो अंतिम दौर के भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं, इसीलिए न इनसे देश संभल रहा है, न प्रदेश. जनता इन सब इंजनों के पहिए खोल देगी और पूर्ज़े निकालकर, हमेशा के लिए कबाड़खाने में भेज देगी.’
बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम में श्रमिकों के साथ रहने की बात की. साथ ही उन्हें संरक्षण देने पर जोर देते हुए कहा कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहिए, उनको सफल मत होने दीजिए. कुछ लोग शांति को समृद्धि की ओर बढ़ने से रोकने के लिए अशांति पैदा करने के षड्यंत्र कर रहे हैं.