अब नोएडा से दूर नहीं जेवर एयरपोर्ट… 15 जून से इन 5 रूटों पर दौड़ेंगी ई-बसें, केवल इतना होगा किराया
नोएडा में 15 जून से पांच नए रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो रहा है. ये बसें नोएडा को जेवर एयरपोर्ट, दिल्ली (सराय काले खां, आनंद विहार, कश्मीरी गेट) और ग्रेटर नोएडा से जोड़ेंगी. केवल ₹10 से ₹30 के किराए में यात्रा उपलब्ध होगी. मोबाइल ऐप पर टिकट बुकिंग और लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलेगी.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे नोएडा में आवागमन करने वालों के लिए बड़ी खबर है. नोएडा अथॉरिटी शहर में 15 जून से पांच रूटों पर ई-बसों का संचालन करने जा रही है. नोएडा अथॉरिटी ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के साथ मिलकर बसों का रूट निर्धारित किया है. बड़ी बात यह कि यह बस सेवा केवल शहर में ही नहीं, बल्कि नोएडा से जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के लिए भी उपलब्ध होगी.
अधिकारियों के मुताबिक 15 जून से बसें अपने रूट पर दौड़ने लगेंगी. उससे पहले एक हफ्ते इन बसों का ट्रॉयल रन कराया जाएगा. इन बसों के लिए फिलहाल पांच रूट तय किए गए हैं. इन सभी बसों का संचालन नोएडा सेक्टर-90 (डिपो) और बॉटनिकल गार्डन से होगा. ये बसें नोएडा से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), ग्रेटर नोएडा के किसान चौक और एक मूर्ति चौक, नोएडा सेक्टर-62 और फेज-2, ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कलेक्ट्रेट, दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, कश्मीरी गेट ISBT और गाजियाबाद के लिए चलाई जाएंगी.
केवल इतना होगा किराया
अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है. इनमें 10 बसें डबल डेकर होंगी. इन बसों का किराया भी निर्धारित हो चुका है. इन बसों में सफर करने पर दूरी के हिसाब से 10 रुपये से 30 रुपये तक किराया वसूल होगा. इन बसों का रनिंग टारगेट भी तय किया गया है. हरेक बस रोजाना कम से कम 200 किलोमीटर का सफर तय करेगी.
ऐसे होगी टिकट बुकिंग
अधिकारियों के मुताबिक यात्रियों की सुविधा के लिए इन बसों में यात्रा करने के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा यात्री मोबाइल ऐप पर दी गई है. इस ऐप के जरिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग होगी और बस की लोकेशन भी ट्रैस हो सकेगी. इसके अलावा बस में कंडक्टर मैनुअली भी टिकट बनाएंगे. बसों का संचालन UPSRTC (रोडवेज) द्वारा किया जाएगा. हालांकि इसके खर्च में आने वाली कमी (वायबिलिटी गैप फंडिंग) की पूर्ति नोएडा अथॉरिटी द्वारा किया जाएगा.
बैन होगी ई-रिक्शा
शहर में जाम की वजह बन रहे ई-रिक्शा पर बैन लगाने की योजना है. नोएडा अथॉरिटी की योजना के मुताबिक जिन रूटों पर इन बसों का संचालन होगा, उन सभी रूटों पर ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा. अथॉरिटी ने इस सेवा के लिए 300 से अधिक ड्राइवर और कंडक्टरों की भर्ती करेगा. इसके लिए UPSRTC को जिम्मेदारी दी गई है.