नोएडा में जापान-सिंगापुर सिटी का प्रस्ताव, यमुना एक्सप्रेस-वे पर बनेगा हाइपरस्केल डेटा सेंटर

यमुना एक्सप्रेसवे पर हाइपरस्केल डेटा सेंटर का रास्ता साफ हो गया है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने बी.के. सेल्स कॉर्पोरेशन को 5 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है. इसके साथ ही यीडा ने जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के विकास के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है.

नोएडा में जापानी और सिंगापुर सिटी बसाने का प्रस्ताव Image Credit: AI

यमुना एक्सप्रेसवे पर हाइपरस्केल डेटा सेंटर बनेगा. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बी.के. सेल्स कॉर्पोरेशन लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश से एक अत्याधुनिक हाइपरस्केल डेटा सेंटर स्थापित करेगा. गुरुवार को यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने डेटा सेंटर स्थापना के लिए पांच एकड़ जमीन दे दिया गया. साथ ही यीडा ने जापान सिटी और सिंगापुर सिटी के विकास को लेकर औपचारिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है.

यीडा ने बताया कि इन दोनों सिटी (जापान और सिंगापुर) को लेकर भूमि अधिग्रहण से संबंधित योजना तैयार कर ली गई है. जापानी सिटी के लिए सेक्टर-5ए ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ क्षेत्र प्रस्तावित है. सिंगापुर सिटी के लिए सेक्टर-7, ग्रेटर नोएडा में 500 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है. इन सेक्टरों को एक इंटीग्रेटेड औद्योगिक सिटी के रूप में विकसित किया जा सकता है. दोनों ही परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है.

500-500 एकड़ जमीन प्रस्तावित

इन सेक्टरों का विकास ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मोड पर किए जाने का प्रस्ताव है. प्राधिकरण की महायोजना के अंतर्गत सेक्टर-7 और सेक्टर-5ए मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नियोजित हैं. इन क्षेत्रों में औद्योगिक उपयोग न्यूनतम 70 प्रतिशत निर्धारित है. इसके साथ ही आवासीय उपयोग अधिकतम 12 प्रतिशत, वाणिज्यिक उपयोग अधिकतम 13 प्रतिशत तथा संस्थागत सुविधाएं न्यूनतम 5 प्रतिशत तक निर्धारित हैं.

7000 सर्वर रैक की होगी क्षमता

वहीं, हाइपरस्केल डेटा सेंटर की महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का नेतृत्व कैलटेक (कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के पूर्व छात्र करण गुप्ता करेंगे. यीडा सेक्टर में पांच एकड़ के प्राइम भूखंड पर स्थापित की जा रही यह हाइपरस्केल डेटा सेंटर परियोजना दो अत्याधुनिक डेटा सेंटर भवनों के रूप में विकसित होगी. इसकी कुल नियोजित क्षमता लगभग 7000 सर्वर रैक की होगी. परियोजना में दो चरणों में करीब ₹400 करोड़ का निवेश किया जाएगा.

भूमि हस्तांतरण के 18 माह के भीतर व्यावसायिक संचालन प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. यह डेटा सेंटर उच्च घनत्व डिजिटल संचालन और तेजी से बढ़ते एआई सेगमेंट को विशेष समर्थन प्रदान करेगा. साथ ही, यह व्यवसायियों, सरकारी संस्थाओं और डिजिटल स्टार्टअप्स को अत्याधुनिक डिजिटल अवसंरचना उपलब्ध कराते हुए क्षेत्र में डेटा स्टोरेज, क्लाउड सेवाओं और एआई आधारित समाधानों के विकास को नई गति देगा.

सिम्प्लास्ट ग्रुप करेगा ₹70 करोड़ का निवेश

इटली आधारित वैश्विक कंपनी सिम्प्लास्ट ग्रुप ने उत्तर प्रदेश के यीडा क्षेत्र में ₹70 करोड़ के कुल निवेश से ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए उन्नत प्लास्टिक एवं रोटेशनल मोल्डिंग उत्पादों की नई विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है, जिसमें 50 प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) शामिल है. गुरुवार को यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कंपनी को तीन एकड़ भूमि आवंटन हेतु एलओआई पत्र सौंपा.