ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में फिर अटकी लिफ्ट, 40 मिनट तक मासूम के साथ फंसी रही मां… अलार्म बजाने के बाद भी नहीं मिली मदद
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित विहान ग्रीन सोसाइटी में बिजली गुल होने से एक महिला अपने 5 साल के बच्चे के साथ लिफ्ट में फंस गई. देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अलार्म बजाया, इसके बावजूद उसे समय से मदद नहीं मिली. महिला तकरीबन 40 मिनट तक लिफ्ट के अंदर कैद रही. इस दौरान उसका बच्चा डर के मारे बेहद घबरा गया था.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विहान ग्रीन सोसाइटी में एक बार फिर से लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक महिला अपने 5 साल के बच्चे के साथ करीब 40 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही. महिला अपने बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी जैसी वह बेसमेंट से से लिफ्ट में सवार होकर ऊपर जाने लगी तो बिजली चली गई. लिफ्ट छठे और सातवें फ्लोर के बीच अटक गई और महिला अपने बच्चों के साथ अंदर फंस गई.
लिफ्ट में फंसने के बाद महिला ने पहले कुछ देर इंतजार किया लेकिन जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने अलार्म बजाया. इसके बावजूद उसे काफी देर तक मदद नहीं मिली. महिला ने घबराकर परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी दी. फिर परिजनों ने सोसायटी में मेंटेनेंस स्टाफ को सूचना दी.
सोसाइटी में नहीं था लिफ्ट ऑपरेटर
घटना के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई है कि सोसाइटी में उसे समय कोई लिफ्ट ऑपरेटर मौजूद नहीं था. इसी वजह से लिफ्ट तुरंत नहीं खोली जा सकी. बाहर से ऑपरेटर को बुलाने में करीब 15 से 20 मिनट तक का समय लग गया. इसके चलते महिला और उसका बच्चा करीब 40 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे. बच्चा घबराकर लिफ्ट के अंदर रोने लगा. घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में नाराजगी देखने को मिली.
सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आए दिन हो रहे लिफ्ट हादसे रुकने का नाम नहीं ले रही हैं.आए दिन किसी न किसी सोसाइटी में लिफ्ट बीच में ही अटक जाती है. इसके बावजूद बिल्डर्स इस मामले का संज्ञान नहीं लेते हैं. सोसायटी के निवासियों का कहना है बिल्डर हर महीने लाखों रुपए का मेंटेनेंस शुल्क निवासियों से वसूलते हैं लेकिन बेहतर सुविधाएं मुहैया नहीं कराते हैं. उनकी सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है.