एमिटी, DPS समेत नोएडा के एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की फिर धमकी

नोएडा में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. एमिटी इंटरनेशनल, दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) समेत करीब एक दर्जन नामी स्कूलों के प्रिंसिपल और प्रशासन को ईमेल और फोन के जरिए धमकी भेजी गई. पुलिस और ATS ने मामला संज्ञान में लिया और स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कुछ नहीं मिला.

नोएडा के एमिटी स्कूल में पहुंचा बम निरोधक दस्ता Image Credit: वीडियो ग्रैब

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में आज एक बार फिर बम की धमकी से हड़कंप मच गया. शहर के एक दर्जन से ज्यादा नामी निजी स्कूलों को धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें स्कूल परिसर में बम रखे होने और उन्हें उड़ाने की बात कही गई. यह धमकी ऐसे समय आई जब सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, जिससे छात्रों-अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में दहशत फैल गई. आनन-फानन में पुलिस की टीम और बम स्क्वॉयड स्कूलों में जांच के लिए पहुंच गए हैं.

बताया जा रहा है कि एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, शिव नादर स्कूल, मेयर पब्लिक स्कूल, डीपीएस (Delhi Public School) जैसे प्रमुख स्कूलों को धमकी भरा ईमेल आया है. सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड और अन्य जांच एजेंसियों को बुलाया गया. स्कूलों में गहन तलाशी ली गई, लेकिन अब तक किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु या बम जैसी कोई चीज बरामद नहीं हुई है.

अभी तक कोई संदिग्ध सामान न मिला

इस मामले में जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (जॉइंट सीपी) राजीव नारायण मिश्रा ने मीडिया को बताया कि जांच पूरी तरह जारी है, मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली… सभी स्कूलों में परीक्षाएं निर्बाध रूप से चल रही हैं, किसी तरह की बाधा नहीं आई… यह धमकी हॉक्स (झूठी) साबित हो रही है, लेकिन जिस किसी ने भी यह शरारत की है, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.. फिलहाल हम ईमेल भेजने वाले की कुंडली निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

जनवरी में भी मिली थी स्कूलों को धमकी

यह घटना दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ महीनों से जारी हॉक्स बम थ्रेट की कड़ी का हिस्सा लग रही है. इसी साल जनवरी में भी रिपब्लिक डे से ठीक पहले नोएडा के 20 से ज्यादा स्कूलों (शिव नादर, कैम्ब्रिज, फादर एग्नेल, आर्मी पब्लिक स्कूल आदि) को इसी तरह के ईमेल मिले थे, जो बाद में झूठे साबित हुए. पुलिस ने उन मामलों में जांच की और कुछ में ऑनलाइन बेटिंग रैकेट से कनेक्शन पाया था. इस मामले में पुलिस ने कई गिरफ्तारियां भी की थी.

अभिभावकों को न घबराने की सलाह

नोएडा के स्कूलों में आज जो धमकी भरा ईमेल आया है, वह एनक्रिप्टेड या अनाम सर्विस से भेजे गए लगते हैं. स्कूलों ने सतर्कता बरतते हुए पुलिस को सूचित किया, और परीक्षाएं जारी रखी गईं. अभिभावकों को सलाह दी गई है कि घबराएं नहीं, लेकिन स्कूलों से अपडेट लेते रहें. पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में BNS और IT Act के तहत सख्त कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में ऐसी शरारतें रुकें. फिलहाल पुलिस की एक बड़ी टीम इस मामले की जांच कर रही है.