नोएडा से यूपी के सियासी जंग की शुरुआत; दो दिन में दो बड़े नेता… जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन vs अखिलेश की दादरी सभा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी एक साल का समय बाकी है. इस बीच सभी पार्टियों ने अपनी रणनीतियां तेज कर दी हैं. 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के जरिए जनता के बीच अपनी पार्टी करी मजबूत छवि पेश करना चाहते हैं. वहीं, अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी में एक बड़ी जनसभा के जरिए अपनी ताकत आजमाएंगे.
गौतम बुद्ध नगर एक बार फिर प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनता दिख रहा है. 28 और 29 मार्च को जिले में दो बड़ी जनसभाएं होने जा रही है. इसमें सत्ताधारी पार्टी और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है. एक ओर जहां जेवर में देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा तो वहीं दूसरी ओर दादरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनसभा कर चुनावी बिगुल फूकेंगे. जिले में होने वाली इन दो बड़ी जनसभाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अपनी अपनी तैयारियां पूरी कर ली है.
28 मार्च जेवर में प्रधानमंत्री करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन
28 मार्च को ग्रेटर नोएडा के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होना प्रस्तावित है. इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे. यह कार्यक्रम सिर्फ एक उद्घाटन समारोह तक नहीं बल्कि भाजपा के लिए एक बड़ा राजनीतिक मंच भी माना जा रहा है. जेवर एयरपोर्ट को भाजपा अपने सबसे बड़े विकास कार्यों में एक गिनती है. इसे 2027 चुनाव के मुख्य एजेंडा के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है. नोएडा एयरपोर्ट को लेकर सरकार का दावा है कि इससे न केवल गौतम बुद्ध नगर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को गति मिलेगी.
बीजेपी का फोकस विकास के मुद्दों पर चुनावी बढ़त
भारतीय जनता पार्टी इस जनसभा के जरिए विकास को केंद्र में रखकर जनता के बीच अपनी मजबूत छवि पेश करना चाहती है जेवर एयरपोर्ट फिल्म सिटी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट जैसी मुद्दों को भाजपा बड़ी स्तर पर प्रचारित करने की रणनीति बना रही है. माना जा रहा है कि इस मंच से आने वाले समय के लिए कई बड़े संदेश दिए जाएंगे, जो सीधे तौर पर 2027 चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं. इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता पिछले 15 दिनों से तैयारी में जुटे हुए हैं.
29 मार्च को दादरी में अखिलेश यादव की जनसभा
भाजपा के कार्यक्रम के अगले ही दिन यानी 29 मार्च को दादरी के माहिर भोज इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनसभा को संबोधित करेंगे. यह जनसभा भी कम अहम नहीं मानी जा रही है. सपा इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा के विकास मॉडल को चुनौती देने और अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश करेगी. अखिलेश यादव की यह सभा पश्चिमी यूपी में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
दोनों बड़ी पार्टियों की इन जनसभाओं को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है. जहां भाजपा विकास और बड़े प्रोजेक्ट को अपना हथियार बना रही है तो वहीं समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय रोजगार और स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर काम कर रही है. गौतम बुद्ध नगर जैसे अहम जिले में इस तरह की शुरुआत ये दर्शाती है कि आने वाला चुनाव बेहद दिलचस्प और कड़ा होने वाला है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तोड़ चुके हैं मिथ
गौतम बुद्ध नगर को लेकर एक समय यह धारणा थी कि जो भी मुख्यमंत्री यहां आता है उसकी कुर्सी चली जाती है. लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मिथक को तोड़ दिया. वह एक दो नहीं बल्कि कई बार जिले का दौरा कर चुके हैं. वह लगातार यहां विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण भी करते आए हैं. अब इसी सिलसिले में एक बार फिर आज उनका एक और दौरा प्रस्तावित है जो की प्रधानमंत्री के आगमन से पहले जेवर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण को लेकर है.
पश्चिमी यूपी की राजनीति पर रहेगा असर
जेवर और दादरी की यह दोनों जनसभाएं सिर्फ गौतम बुद्ध नगर तक सीमित नहीं है बल्कि इनका असर पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पड़ेगा. यह क्षेत्र चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. यहां की जनसभाएं अक्सर पूरे प्रदेश का माहौल तय करती हैं. ऐसे में दोनों पार्टियों यहां से अपनी अपनी ताकत दिखा कर आगामी चुनाव में बढ़त हासिल करने की कोशिश में हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन जन सेवाओं का जनता पर कितना असर पड़ता है. क्या विकास के मुद्दे पर भाजपा को बढ़त मिलेगी यह समाजवादी पार्टी अपने मुद्दों के जरिए जनता को प्रभावित कर पाएगी.