UP के इस मदरसे में कैसे पहुंचा दुश्मन देश का सामान? फोटो वायरल होते मचा हड़कंप; FIR
कुशीनगर के एक मदरसे में पंखा खराब हो गया था. उसे ठीक करने के लिए एक लोकल इलेक्ट्रिशियन को बुलाया गया. मरम्मत के दौरान जब मिस्त्री की नजर पंखे पर पड़ी तो हैरान हो गया. पंखे पर मेड इन पाकिस्तान छपा हुआ था. यह जानकारी बाहर आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
कुशीनगर से एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक मदरसे में मेड इन पाकिस्तान पंखा मिला है. इसकी सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. साथ ही सुरक्षा एजेंसिंयां भी सतर्क हो गई हैं. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पाकिस्तान का यह सामान भारतीय सीमा के भीतर कैसे दाखिल हुआ. साथ ही यह मदरसे तक कैसे पहुंच गया. यह मामला कुशीनगर के विष्णुपुर थाना क्षेत्र के मदरसा कादरिया हकीकतुल-उलूम का बताया जा रहा है.
पंखे का मरम्मत करने आया था इलेक्ट्रिशियन
मदरसे का पंखा खराब होने पर, उसे ठीक करने के लिए एक लोकल इलेक्ट्रिशियन को बुलाया गया. मरम्मत के दौरान जब मिस्त्री की नजर पंखे पर पड़ी तो हैरान हो गया. पंखे पर मेड इन पाकिस्तान छपा हुआ था. उसके बाद पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई. अब स्थानीय लोगों के द्वारा इस मामले पर तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
फिलहाल, यह मामला तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर भी वायरल है. तस्वीरों में पंखे पर पाकिस्तानी ब्रांडिंग होने का भी दावा किया जा रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह मामला केवल एक पंखे का नहीं है. यह देश की सुरक्षा और विदेशी सामानों की अवैध एंट्री से भी जुड़ा है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं.
पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया
पुलिस अधीक्षक (SP) केशव कुमार ने बताया कि पुलिस की तरफ से घटना का संज्ञान ले लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. आखिर यह पंखा भारत तक किन रास्तों से पहुंचा है. इसकी सप्लाई चेन को लेकर हम पूरी पड़ताल कर रहे हैं. जरूरत पड़ने पर मदरसा प्रबंधन से भी पूछताछ की जा सकती है.