गंगा एक्सप्रेसवे तैयार, फिर उद्घाटन में क्यों हो रही देरी? इंस्पेक्शन के बाद CEO ने बताई वजह
गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन उद्घाटन में देरी हो रही है. स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने निरीक्षण कर इसे आवागमन के लिए तैयार बताया है. कहा कि अब केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हरी झंडी का इंतजार है. यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ेगा और उत्तर प्रदेश के विकास में अहम योगदान देगा.
उत्तर प्रदेश में मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाने वाले प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूर हो चुका है. स्टेट ट्रांसफोर्मेशन कमीशन के सीईओ एवं प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने रविवार को इसका निरीक्षण भी कर लिया. उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे को शुरू करने में अब कोई अड़चन नहीं है. अब केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से हरी झंडी मिलने भर का इंतजार है.
स्टेट ट्रांसफोर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने रविवार को शाहजहांपुर के जलालाबाद तहसील में गंगा एक्सप्रेस वे का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने हवाई पट्टी, रेस्ट रुम भवन, शौचालयों आदि सुविधाओं की स्थिति देखी और व्यवस्था पर संतोष प्रकट करते हुए काम पूरा होने की मुहर लगाई. स मौके पर मनोज कुमार सिंह ने गंगा एक्सप्रेस वे किनारे बने रेस्ट रूम परिसर में पौधारोपण भी किया. उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे को शुरू करने में कोई अड़चन नहीं है. मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलते ही इसे आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा.
बन रही है सिक्योरिटी वॉल
मनोज कुमार सिंह के मुताबिक इस एक्सप्रेसवे के किनारों पर सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी वॉल बनाई जा रही है. इसका भी काम लगभग पूरा हो चुका है. उन्होंने बताया कि सीएम योगी की ओर से इस एकसप्रेसवे के लोकार्पण की तारीख जल्द ही तय होने की उम्मीद है. उम्मीद है कि उससे पहले सिक्योरिटी वॉल का भी काम पूरा कर लिया जाएगा. निरीक्षण के दौरान मनोज कुमार सिंह के साथ एडीएम वित्त अरविंद कुमार,नायब तहसीलदार अनुराग दुबे, तहसील के अधिकारी एवं यूपीडा के कर्मचारी भी मौजूद रहे.
यूपी के विकास को मिलेगी गति
मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले लगभग 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से उत्तर प्रदेश के विकास को गति मिलेगी. उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा हाइवे होगा जहां औद्योगिक गलियारे से लेकर हवाई पट्टी तक का निर्माण एक्सप्रेस वे पर किया गया है. इस एक्सप्रेसवे से किसानों नौजवानों के साथ-साथ सेना के लिए भी सामरिक दृष्टिकोण से यह एक्सप्रेस वे अपना अभूतपूर्व योगदान प्रदान करेगा. औद्योगिक गलियारे में तमाम उद्योगों की स्थापना की जाएगी.
जल्द होगा उद्घाटन
गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर कई बार चर्चाएं हो चुकी हैं. किंतु कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण एक्सप्रेस वे पर आवागमन अभी तक चालू नहीं हो पाया है. अब ट्रांसफार्मेशन के CEO मनोज कुमार सिंह के द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के कार्यों का विधिवत निरीक्षण किया गया जिससे इस बात को बल मिलता है कि जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे आम जनमानस के आवागमन के लिए उपलब्ध हो सकेगा. सीईओ का कहना है कि अब सिर्फ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हरी झंडी का इंतजार है.