पहले अनुमति रद्द, फिर मिली सशर्त मंजूरी! कल प्रयागराज में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी

प्रयागराज में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को सशर्त मंजूरी मिल गई है. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा किया कि अब कार्यक्रम में किसी तरह की रुकावट नहीं है. कांग्रेस शनिवार को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए पूरी तरह तैयार है, जिसमें राहुल गांधी छात्रों से शिक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

राहुल गांधी ( फाइल फोटो) Image Credit:

प्रयागराज में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर चल रहा विवाद अब खत्म होता नजर आ रहा है. कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने गुरुवार देर रात राहुल गांधी के कार्यक्रम को कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दे दी. कांग्रेस पार्टी का दावा है कि अब कार्यक्रम में किसी तरह की रुकावट नहीं है.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को बताया कि कार्यक्रम के लिए जरूरी अनुमति मिल गई है. कांग्रेस शनिवार को होने वाले संवाद कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह तैयार है. अजय राय ने कार्यक्रम में रिकॉर्ड संख्या में छात्रों के पहुंचने की उम्मीद जताई है. कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल रैली निकालने की भी तैयारी है.

शर्त- कॉलेज में पढ़ाई प्रभावित न हो

दरअसल, केपी ट्रस्ट ने इससे पहले राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी. ट्रस्ट ने हाईकोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा गया था कि केपी कॉलेज के मैदान का इस्तेमाल खेलकूद और शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा अन्य आयोजनों के लिए नहीं किया जाना चाहिए. साथ ही, लोगों के आने से बारिश में मैदान खराब होने की बात कही थी.

हालांकि, अब ट्रस्ट ने अधिवक्ताओं से सलाह के बाद कार्यक्रम को सशर्त अनुमति दे दी है. ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कॉलेज में पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. साथ ही आयोजकों को जिलाधिकारी से आवश्यक अनुमति लेनी होगी. इससे पहले कार्यक्रम को लेकर जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं ली गई थी.

राहुल गांधी का क्या है कार्यक्रम?

कांग्रेस के मुताबिक. राहुल गांधी आठ अगस्त को विशेष विमान से दोपहर करीब दो बजे दिल्ली से प्रयागराज पहुंचेंगे. इसके बाद वह सड़क मार्ग से आनंद भवन जाएंगे. शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाएंगे.

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है. वहीं प्रशासन और आयोजन से जुड़े पक्ष सुरक्षा और अनुमति की शर्तों को लेकर सतर्क हैं. कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है. बीजेपी ने प्रयागराज में फिरोज गांधी की कब्र को राजनीतिक मुद्दा बना दिया है. और कांग्रेस पर परिवार की उपेक्षा का आरोप लगा रही है.

Follow Us