राष्ट्रपति ने हाथ जोड़े, जवाब में प्रेमानंद महाराज बोले- राधे-राधे… छह महीने में दूसरी बार वृंदावन पहुंचीं महामहिम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक चर्चा की. छह महीने में यह उनका दूसरा वृंदावन दौरा है. उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन भी किए और अब मथुरा में अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का लोकार्पण करेंगी. इस दौरान उन्होंने प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई दी और संतों का अभिवादन स्वीकार किया. यह दौरा उत्तर प्रदेश में उनके तीन दिवसीय प्रवास का हिस्सा है.

प्रेमानंद महाराज के आश्रम में राष्ट्रपति Image Credit:

उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर निकली देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इस समय मथुरा-वृंदावन में हैं. गुरुवार को राष्ट्रपति ने रामलला के दर्शन किए और शाम को वृंदावन आ गई थीं. वहीं शुक्रवार की सुबह वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं. जहां उन्होंने करीब 25 मिनट तक प्रेमानंद महाराज के साथ अध्यात्मिक चर्चा किया. महज छह महीने में दूसरी बार वृंदावन पहुंची महामहिम द्रोपदी मुर्मू अब यहां रामकृष्ण मिशन अस्पताल जाएंगी, जहां उत्तर प्रदेश की सबसे अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का लोकार्पण करेंगी.

वृंदावन में शुक्रवार की सुबह हल्की बारिश हो रही थी. इसी बीच राष्ट्रपति होटल से निकली और करीब सात बजे अपने परिवार के साथ प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित आश्रम पहुंचीं. जहां राष्ट्रपति ने संत प्रेमानंद को हाथ जोड़कर प्रणाम किया. वहीं प्रेमानंद महाराज ने भी महामहिम का राधे-राधे बोलकर अभिवादन किया.इसके बाद आश्रम में राष्ट्रपति को संतों ने माला पहनाया और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया. इस दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने प्रेमानंद महाराज को उनके जन्मदिन की बधाई भी दी. प्रेमानंद महाराज का गुरुवार यानी 19 मार्च को 56वां जन्मदिन था.

तीन दिवसीय दौरे पर हैं राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इस समय यूपी के 3 दिवसीय दौरे पर हैं. वह बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर पहुंची थीं, जहां उन्होंने श्रीराम यंत्र की स्थापना की. इसके बाद वह गुरुवार की शाम को वह मथुरा आ गईं. मथुरा में रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह वह प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंची थीं. इस मुलाकात के बाद राष्ट्रपति बाबा नीब करौरी महाराज के आश्रम पहुंचेंगी और यहीं से रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल जाएंगी. जहां उनके हाथों अत्याधुनिक कैंसर यूनिट का उद्घाटन होना है.

छह महीने में दूसरी बार पहुंची राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का छह महीने में यह मथुरा का दूसरा दौरा है. इससे पहले वह पिछले साल 25 सितंबर को मथुरा वृंदावन आईं थीं. उस समय उन्होंने श्री ठाकुर बांके बिहारी के दरबार में हाजिरी लगाई और देश की उन्नति के लिए कामना की थी. इस दौरान उन्होंने वृंदावन में धार्मिक पर्यटन के विकास को लेकर अधिकारियों को कुछ सुझाव भी दिए थे. वहीं अब वह महज छह महीने के अंदर दूसरी बार पहुंची हैं. इस बार उन्होंने खासतौर पर प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और नींब करौरी बाबा के आश्रम में जाकर माथा टेका है.

Follow Us