प्रेम प्रसंग में खून से लाल हुई दोस्ती, जंगल में नशे के बहाने बुलाया, फिर गला घोंटकर मार डाला

सहारनपुर में विपिन हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया. बचपन के दोस्त ने ही उसका कत्ल प्रेम प्रसंग के चलते किया. आरोपी दोस्त ने17 जुलाई को जंगल में गमछे से गला घोंटकर विपिन की हत्या कर दी थी. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी दोस्त समेत दो को गिरफ्तार किया है.

दोस्त मोबिन ने विपिन को प्रेम प्रसंग में मारा डाला

सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र में 17 जुलाई को हुए विपिन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की कहानी सामने आई है. इस घटना को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक विपिन का बचपन का दोस्त मोबिन ही था.

पुलिस के मुताबिक, कुंडाकला गांव निवासी विपिन का शव 17 जुलाई को जंगल में मिला था. मृतक के पिता बृजपाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को अहम सुराग मिले. इसी दौरान गांव में कई दिनों बाद आए मोबिन को हिरासत में लिया, पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

मोबिन की मौसी की बेटी से बात करता था विपिन

पूछताछ में मोबिन ने बताया कि वह और विपिन बचपन के दोस्त थे. दोनों अक्सर शामली में उसकी मौसी के घर जाया करते थे. वहीं विपिन की बातचीत मोबिन की मौसी की बेटी, जो रिश्ते में उसके भाई की साली भी लगती है, से होने लगी. मोबिन ने बताया कि उस युवती से वह शादी करना चाहता था और उसने कई बार विपिन को उससे बात न करने की चेतावनी दी थी.

आरोपी ने पुलिस को बताया कि कई बार विपिन ने उसकी बात टाल दी. इसी बात से मोबिन के मन में नाराजगी बढ़ती गई और उसने विपिन को रास्ते से हटाने की योजना बना ली. इस साजिश में उसने अपने रिश्तेदार रहमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी चंदेरी, जिला शामली को भी शामिल कर लिया. इसके बाद मोबिन और रहमान शामली से कुंडाकला पहुंचे .

साथी पैर पकड़ा, मोबिन ने गमछे से गला घोंट

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को मोबिन और रहमान ने विपिन को नशा करने के बहाने जंगल में बुलाया. तीनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गन्ने के खेत के पास पहुंचे. जहां शीशम के पेड़ के नीचे बैठकर तीनों ने नशा किया. इसी दौरान दोनों के बीच युवती से बातचीत बंद करने को लेकर फिर से कहासुनी हुई और मामला मौत पर खत्म हुआ.

आरोप है कि जब विपिन ने उसकी बात नहीं मानी तो मोबिन ने गमछे से उसका गला घोंट दिया, जबकि रहमान ने उसके पैर पकड़ लिए, जिससे वह बच नहीं सका. कुछ ही देर में विपिन की मौत हो गई. मौत के बाद दोनों आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए और रास्ते में दोनों आरोपियों ने मृतक का मोबाइल और अन्य सामान भी फेंक दिया.

सरसावा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की मार्कशीट और आधार कार्ड भी बरामद किया है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us