’24 घंटे में बेटी बरामद नहीं हुई तो…’, सहारनपुर में लापता हिंदू युवती पर बवाल, संगीत सोम ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
सहारनपुर में एक युवती के लापता होने का मामला गरमा गया है. बीजेपी नेता संगीत सोम ने प्रशासन को 24 घंटे में युवती को ढूंढने की चेतावनी दी है. साथ ही 'जिहादियों' पर अपहरण का आरोप लगाया है. दूसरी ओर, गांव में हिंदू संगठनों ने पंचायत कर युवती की बरामद न होने पर चक्का जाम करने की धमकी दे दी है.
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के सांगठेड़ा गांव में एक हिंदू युवती के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. परिजनों ने गांव के ही एक मुस्लिम युवक पर अगवा करने का आरोप लगाया. पुलिस ने गंगोह थाने में मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाशी में दबिश दे रही है. गांव में तनाव का माहौल है. इस बीच बीजेपी नेता संगीत सोम ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है.
बाजेपी नेता और सरधना से पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा, ‘एक बेटी हमारी गायब हुई है, जिसे कुछ जिहादियों ने गायब की है. प्रशासन से मेरी रात में बात हुई है, मैंने कहा है कि 24 घंटे में बेटी बरामद हो जानी चाहिए, नहीं तो सहारनपुर मुझे आना होगा. और अगर मैं आ गया तो आप समझ सकते है कि स्थिति खराब हो सकती है. ‘
‘बेटी बरामद होगी.. नहीं तो मुझे आना होगा’
संगीत सोम ने फेसबुक पर लाइव आकर मामले में कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने जिहादियों पर युवती को गायब करने का आरोप लगाया, साथ ही कहा, ‘प्रशासन के लोगों से कहना चाहता हूं कि जिहादियों द्वारा जो मेरी बेटी, वो हमारी ही बेटी है, देश की कोई बेटी है, वो हमारी बेटी-बहन है.. वो किस जाति की है, उससे कोई मतलब नहीं है. सही सलामत बरामद होनी चाहिए.’
उन्होंने आगे कहा,’मैं गारंटी से कहता हूं कि बेटी बरामद होगी.. नहीं तो मुझे आना होगा. प्रशासन पर दबाब पड़ेगा. हालांकि, सरकार योगी आदित्यनाथ की है भाजपा की है यहां कोई बेटी को इस तरह से ले नहीं जा सकता है. उसका इलाज किस तरीके से होगा आप जानते है. मैं सभी से कहता हूं कि आप एकजुट रहिए मजबूत रहिए.. बेटी बरामद होगी.’
क्या है पूरा मामला? गांव में माहौल तनावपूर्ण
सांगठेड़ा गांव के रहने वाले जसबीर ने 24 फरवरी को गंगोह कोतवाली में अपनी बेटी कशिश के लापता और अपहरण मामले में तहरीर दी थी. आरोप है कि गांव के ही एक मुस्लिम युवक आजम ने उनकी बेटी को बहला-फुसला कर अगवा कर लिया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया. इस बीच युवती का वीडियो सामने आए, जिसमें उसने अपनी मर्जी से जाने की कही.
युवती वीडियो में कह रही है कि वह बालिग है, वह आजम को डेढ़ साल से जानती है. हालांकि, पिता द्वारा दी गई तहरीर में युवती का उम्र 17 और 6 महीने के पास दर्ज कराई है. अब इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल करते हुए युवती को सुरक्षित बरामद करने में जुटी है.