10 करोड़ कैश, लग्जरी घड़ियां-जेवरात भी… उमाशंकर सिंह पर IT छापेमारी में अब तक क्या मिला?
BSP विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर दूसरे दिन भी आयकर विभाग की छापमारी जारी है. सूत्रों के मुताबिक, रेड के दौरान अब तक दस करोड़ से ज्यादा कैश बरामद किया गया है. साथ ही कई लग्जरी घड़ियां और करोड़ों के जेवरात भी मिले हैं. फिलहाल, विधायक से पूछताछ की जा रही है, छापेमारी जारी है.
बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर दूसरे दिन भी छापेमारी जारी है. सूत्रों के हवाले से जानकारी मिल रही है कि रेड के दौरान अब तक दस करोड़ से ज्यादा कैश बरामद किया गया है. इसके साथ ही कई बैंक लॉकर्स के डिटेल्स, प्रॉपर्टी संबंधित कागजात और कैश पैसों के लेन-देन से जुड़े लिखित रिकॉर्ड्स मिले हैं.
इसके अलावा उमाशंकर सिंह के निजी आवास से कई लग्ज़री घड़ियां मिली हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है. आयकर विभाग की टीम को विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर जेवरात का अंबार भी मिला है. सूत्रों के मुताबिक, विधायक के ठिकानों पर छापेमारी में अभी तक 1000 करोड़ तक की टैक्स चोरी की बात सामने आ रही है.
बरामद डॉक्यूमेंट्स की कॉपी बनाई जा रही
आयकर विभाग की टीम ने बुधवार तड़के बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था. विधायक के लखनऊ स्थित आवास समेत कई ठिकानों पर रेड पड़ी. वहीं, लखनऊ में छापेमारी खत्म हो चुकी है जबकि सोनभद्र, कौशांबी और बलिया में आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी चल रही है.
दूसरे दिन की छापेमारी के दौरान अधिकारी कभी ज़ेरॉक्स मशीन, कभी हार्ड ड्राइव तो कभी बैग में लैपटॉप लेकर जाते दिख रहे हैं. मतलब सभी डिवाइस से डेटा भी सिक्योर किया जा रहा है. इसके साथ ही बरामद डॉक्यूमेंट्स की कॉपी बनाई जा रही है. इनकम टैक्स के अधिकारियों ने विधायक उमाशंकर सिंह से पूछताछ कल भी किया था. आज भी जारी है.
CS कंपनी के कर्मचारियों के भी डिटेल्स खंगाले
लखनऊ स्थित विपुल खंड में CS इंफ़्राकंस्ट्रक्शन पर रात भर इनकम टैक्स की एक टीम रही और कुछ अधिकारी सुबह दोबारा पहुंचे. इस दौरान CS इंफ़्राकंस्ट्रक्शन के लिये काम करने वाले कर्मचारी और अधिकारी के भी डिटेल्स लिए गए हैं. फिलहाल, उमाशंकर सिंह के घर पर छापेमारी खत्म हो गई है, लेकिन उनके दफ्तर पर छापेमारी अभी भी जारी है.
उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा से विधायक हैं, साल 2022 के चुनावी हलफनामा के मुताबिक, विधायक करीब 54.05 करोड़ रुपए के सम्पत्ति के मालिक हैं, इसमें 18.05 करोड़ की चल और 35.99 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है. वहीं, सूत्रों के मुताबिक, आयकर अधिकारियों का दावा है कि विधायक ने 1000 करोड़ तक की टैक्स चोरी की है.
(रिपोर्ट- अभिजीत कुमार)