‘इतनी खुजली मची है तो ईरान चले जाओ’, CO बोले- माहौल बिगाड़ा तो इलाज करूंगा

संभल कोतवाली के सीओ कुलदीप कुमार का एक बयान वीडियो वायरल है. इस वीडियो में वह पीस कमेटी की मीटिंग पर ईद और अलविदा जुमे की नमाज पर की गई व्यवस्थाओं पर बोलते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि कुछ लोगों को ईरान-इजरायल के बीच चल रहे विवाद को लेकर 'खुजली' मची हुई है. अगर किसी को इतना ही दर्द है तो जो विमान ईरान में फंसे भारतीयों को लाने जा रहा है, उसी में बैठकर ईरान चले जाएं.

सीओ कुलदीप कुमार Image Credit:

संभल कोतवाली में अलविदा जुमा और ईद-उल-फितर की नमाज़ को लेकर एक बैठक आयोजित हुई. अब इस बैठक से सीओ कुलदीप कुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह कानून व्यवस्था को लेकर सख्त चेतावनी देते नजर आ रहे हैं. पीस कमेटी की बैठक के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ कुलदीप कुमार ने साफ संदेश दिया कि ईद और जुमे की नमाज के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ऐसे लोग ईरान चले जाएं-सीओ कुलदीप कुमार

वायरल वीडियो में सीओ कुलदीप कुमार कहते नजर आ रहे हैं कि ‘कुछ लोगों को ईरान-इजरायल के बीच चल रहे विवाद को लेकर “खुजली” मची हुई है और वे भारत में बैठकर उस पर प्रतिक्रिया देना चाहते हैं. अगर किसी को इतना ही दर्द है तो जो विमान ईरान में फंसे भारतीयों को लाने जा रहा है, उसी में बैठकर ईरान चले जाएं और वहीं जाकर लड़ाई लड़ लें’.

‘किसी भी प्रकार की नारेबाजी बर्दाश्त नहीं’

सीओ सीओ कुलदीप कुमार ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर अलविदा जुमा या जुमे की नमाज़ के दौरान किसी देश के समर्थन या विरोध में नारेबाजी, पोस्टर या प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि दूसरे देशों के झगड़े को भारत की कानून-व्यवस्था पर असर नहीं डालने दिया जाएगा.

‘प्रशासन कड़ा इलाज करेगा’

प्रशासन ने दो टूक कहा कि भारत में रहने वाले सभी लोग भारतीय हैं. यहां अमन-चैन बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. इसलिए त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए. किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो प्रशासन “कड़ा इलाज” करेगा.

सड़क पर नमाज़ पढ़ने की अनुमति नहीं

सीओ कुलदीप कुमार ने यह भी कहा कि मस्जिदों के बाहर सड़क पर नमाज़ पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी. अगर कोई व्यक्ति सड़क पर नमाज़ पढ़ते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सार्वजनिक सड़कों पर धार्मिक गतिविधियों होने से आम-जनता बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

Follow Us