संभल में फिर चला बुलडोजर, चंदौसी में बना अवैध मदरसा ध्वस्त; भारी संख्या में पुलिस तैनात

संभल के नरौली क्षेत्र में यह मदरसा अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर बना था. कोर्ट ने 2024 में इसे हटाने का आदेश दिया था. नोटिस के वाबजूद इसे अब तक नहीं हटाया गया, प्रशासन ने आज भारी पुलिस बल की तैनाती में इसे ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई से पहले मदरसा खाली करा लिया गया था.

चंदौसी में अवैध मदरसे पर चला बुलडोजर Image Credit:

संभल में अवैध निर्माणों पर प्रशासन लगातार नकेल कस रहा है. इस बीच गुरुवार को नरौली क्षेत्र में एक बार फिर बुलडोजर एक्शन देखने को मिला. प्रशासन ने भारी पुलिस बल की तैनाती में एक अवैध मदरसे को ध्वस्त कर दिया. यह मदरसा 285 वर्गमीटर सरकारी जमीन पर बना था, जिसे हटाने के लिए कोर्ट ने 2024 में आदेश पारित किया था.

चंदौसी के दारुल उलूम मदरसा, जो कथित तौर पर खाद के गड्ढे और रास्ते की जमीन पर बना था, उसे दो बुलडोजर से गिरा दिया गया है. कार्रवाई के दौरान एडीएम चंदौसी आशीष तिवारी, नायब तहसीलदार सतेंद्र चाहर और सीओ मनोज कुमार सिंह मौके पर मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पांच थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया था.

आसपास बने मकान भी बुलडोजर की जद में

प्रशासन का कहना है कि 285 वर्गमीटर जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था. कोर्ट के आदेश के बाद कई बार खाली कराने के नेटिस दिए गए थे. लेकिन डेढ़ साल से इसे नहीं हटाया गया. आज कार्रवाई से पहले मदरसे को खाली करा लिया गया था. वहीं, आसपास बने कुल सात-आठ मकान भी बुलडोजर की जद में है, जिसपर कार्रवाई होनी है.

सीओ चंदोसी, मनोज कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण पर की गई है. कार्रवाई से पहले सुरक्षा को देखते हुए चार थानों की पुलिस, रिजर्व पुलिस, दो पीएसी और फायर टीम को मौके पर तैनात किया गया था . जगह-जगह पर नाकेबंदी लगाई गई है, जिससे माहौल खराब न हो सके. साथ ही शोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है.

इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम- SDM चंदोसी

एसडीएम चंदोसी, आशीष तिवारी ने कहा कि यह मदरसा नरौली में है और यह खाद के गड्ढे और रास्ते में दोनों में मिलाकर बना हुआ था. आज इस अवैध मदरसा को बुलडोजर की मदद से गिराया जा रहा है. इस कार्रवाई के दौरान दोनों नायब तहसीलदार, सीओ और पूरी पुलिस फोर्स की टीम मौजूद रही. फिलहाल इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं.