2 बच्चे पैदा होने के बाद महिला को हुआ प्रेम रोग, मंदिर में BF संग रचाई शादी; समझाते रह गए पुलिस और पति
उत्तर प्रदेश के संभल में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां दो बच्चों की मां ने अपने पति और घर छोड़कर प्रेमी संग मंदिर में शादी रचा ली. पुलिस और पति द्वारा खूब समझाने के बावजूद महिला अपनी जिद पर अड़ी रही. इस प्रेम प्रसंग में महिला ने अपने दो बच्चों का भविष्य दांव पर लगाकर प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया.
उत्तर प्रदेश के संभल में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक दो बच्चों की मां को प्रेम रोग हो गया. पति ने समझाने की कोशिश की तो वह घर से भाग गई. गांव के मंदिर में अपने प्रेमी संग सात फेरे लेने लगी. सूचना मिलने पर पति पुलिस लेकर मंदिर पहुंचे, दोनों को समझाने का खूब प्रयास किया गया, लेकिन दोनों शादी करने पर अड़े रहे. ऐसे में पुलिस ने पति को ही समझाकर घर भेज दिया.
मामला संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र में एक गांव का है. यहां रहकर परचून की दुकान करने वाले युवक की सात साल पहले शादी हुई थी. इसके बाद उसे दो बच्चे भी हुए. नगर के ही एक मोहल्ले में युवक का एक रिश्तेदार रहता है. युवक ने बताया कि वह अक्सर पत्नी के साथ इस रिश्तेदार के घर आता जाता था. इसी दौरान रिश्तेदार के पड़ोस में रहने वाले दूसरी बिरादरी के युवक के साथ उसकी पत्नी की बातचीत होने लगी.
प्यार में बागी हुई पत्नी
युवक ने बताया कि कुछ ही दिन में उसकी पत्नी का उस युवक से प्रेम संबंध बन गया और दोनों छिप-छिपकर मिलने लगे. अक्सर दोनों फोन पर लंबी बात करते थे. जानकारी हुई तो युवक ने पत्नी को समझाया, उसके ऊपर बंदिशें लगाईं, लेकिन पत्नी बगावत पर उतर आई. दो दिन पहले वह पति और बच्चों को छोड़कर चुपचाप घर से निकल गई. इसके बाद नगर के एक मंदिर में प्रेमी के साथ शादी करने लगी.
महिला की जिद के आगे सब हारे
इतने में युवक को भी सूचना मिल गई और वह तुरंत अपने दोनों बच्चों और पुलिस के साथ मंदिर पहुंच गया. इसके बाद पुलिस युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को लेकर थाने आई. यहां युवक और पुलिस ने परिवार की इज्जत और बच्चों की परवरिश का वास्ता देकर समझाने का खूब प्रयास किया, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही. उसने साफ कह दिया कि अपने प्रेमी से शादी कर चुकी है. अब वह वापस नहीं लौट सकती. इंस्पेक्टर मनोज कुमार के मुताबिक आखिर में महिला को उसके प्रेमी के साथ जाने दिया गया है.