संतकबीरनगर: राजकुमार चौहान हत्याकांड पर उबाल, CBI जांच की मांग; लोगों ने निकाला कैंडल मार्च

भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या के बाद अब संतकबीरनगर में भी आक्रोश बढ़ रहा है. युवाओं ने कैंडल मार्च निकाल कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए. दूसरी ओर मामले में दोषियों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग भी तेज हो गई है.

राजकुमार चौहान हत्याकांड: युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च Image Credit:

गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र में भाजपा नेता राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या के बाद संतकबीरनगर में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है. धनघटा क्षेत्र में एक ओर जहां युवाओं ने सड़कों पर उतरकर कैंडल मार्च निकाला, वहीं दूसरी ओर जनवादी पार्टी ने मामले की सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है. पुलिस प्रशासन पर कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

राम जानकी मार्ग स्थित कठवतिया भरतपुर से बसवारी गांव तक सैकड़ों युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया. इस दौरान ‘पुलिस प्रशासन हाय-हाय’, और योगी सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए गए. प्रदर्शनकारियों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है.

राजकुमार जैसे नेता की हत्या लोकतंत्र पर हमला

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतने बड़े विरोध प्रदर्शन के बावजूद प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई. उन्होंने कहा कि इससे कभी भी स्थिति बिगड़ सकती थी. कैंडल मार्च में ग्राम प्रधान पप्पू चौहान, श्रीराम यादव, बजरंगी चौहान, रामचंद्र, सुमित समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे. उधर, जनवादी पार्टी के नेताओं ने भी घटना की कड़ी निंदा की.

जनवादी पार्टी ने इसे सुनियोजित साजिश बताया. पार्टी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति केवल कागजों तक सीमित है. नेताओं का आरोप है कि मामले में निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है, जबकि असली साजिशकर्ता अब भी बाहर हैं. राजकुमार चौहान जैसे जनप्रिय नेता की हत्या लोकतंत्र पर सीधा हमला है.

CBI जांच, परिवार को सरकारी नौकरी की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराए और असली दोषियों को सामने लाए. जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, हमारा संघर्ष जारी रहेगा. साथ ही पीड़ित परिवार को 5 करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. और मांगें पूरी न होने पर बड़ा जन आंदोलन करने की चेतावनी दी.

Follow Us

Latest Stories