संतकबीर नगर: धनघटा में कार-टेंपो की जोरदार टक्कर में एक महिला की मौत, 6 घायल

संतकबीरनगर के धनघटा में एक बेकाबू कार और टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में एक 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

धनघटा में कार-टेंपो टक्कर, एक महिला की मौत Image Credit:

संतकबीरनगर धनघटा थाना क्षेत्र के कौलही गांव स्थित टावर के पास रविवार को एक बेकाबू कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में टेंपो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार, बेलौरा गांव निवासी सावित्री देवी (55) पत्नी श्याम सुंदर पांडे अन्य यात्रियों के साथ टेंपो से जा रही थी. जैसे ही टेंपो कौलही गांव के समीप पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे खेत में जा गिरी, जबकि टेंपो के परखच्चे उड़ गए.

खेत में जा गिरी कार, टेंपो में मची चीख-पुकार

इस भीषम हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. टेंपो में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस के जरिए सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया. वहीं, घायलों में से सावित्री देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई है.

गंभीर रुप से घायल सावित्री देवी को पहले सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिया ले जाया गया. लेकिन गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया.

चालक मौके से फरार, वाहन कब्जे में लिए गए

घटना की सूचना मिलते ही धनघटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार और टेंपो को कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है. तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.