गजब! घोड़ा देकर बाइक ले उड़ा शातिर चोर, शिकायत सुन हैरान हो गई पुलिस
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. एक शातिर चोर ने राहगीर को झांसे में लेकर अपना घोड़ा दिया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया. पीड़ित राकेश चतुर्वेदी घोड़े सहित थाने पहुंचे तो पुलिस भी यह अनोखी शिकायत सुनकर अचंभित रह गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर चोर और बाइक की तलाश शुरू कर दी है, साथ ही घोड़े के भी चोरी होने की आशंका जताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां घोड़े पर सवार एक शातिर चोर राह चलते बाइक सवार को पता पूछने के बहाने रोका, फिर उसे झांसे में लेकर घोड़े की सवारी कराई और मौका देखकर उसकी बाइक लेकर भाग गया. पीड़ित व्यक्ति को अपने साथ हुई धांधली का एहसास हुआ तो वह घोड़ा लेकर थाने पहुंच गया. वहां पुलिस में शिकायत दी. पीड़ित की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई.
मामला संत कबीर नगर के धनघटा थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक संत कबीरनगर में पैतवालिया गांव के रहने वाले राकेश चतुर्वेदी शनिवार को अपनी बाइक पर सवार होकर धनघटा चौराहे पर किसी काम से आए थे. यहां उन्हें एक घुड़सवार मिला, जो बड़े ही भोलेपन से मंझरिया गांव का रास्ता पूछ रहा था. राकेश ने पता बताया और घोड़े की थोड़ी बड़ाई कर दी. यह सुनकर घुड़सवार ने उन्हें घुड़सवारी का ऑफर दे दिया.
बाइक लेकर फरार हो गया चोर
राकेश ने पुलिस को बताया कि वह घोड़े पर सवार होकर आगे आगे चलते हुए आरोपी को मंझरिया गांव का रास्ता बताने लगे. इतने में मौका देख आरोपी बाइक का एक्सिलेटर घुमाया और तेजी से बाइक चलाते हुए वहां से फरार हो गया. उसे भागते देख राकेश को अपने साथ हुई धांधली का एहसास हुआ. उन्होंने आरोपी की काफी खोजबीन की, बावजूद इसके आरोपी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पीड़ित घोड़ा लेकर थाने पहुंच गया.
पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़ित ने पुलिस में लिखित शिकायत दी. इस शिकायत को सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. हैरानी की वजह भी थी. बाइक पुरानी थी और उसकी कीमत घोड़े की कीमत से काफी कम थी. ऐसे में सवाल यह था कि कोई अपना महंगा घोड़ा देकर सस्ती बाइक क्यों लेगा. पुलिस को आशंका है कि घोड़ा चोरी का हो सकता है. पीड़ित राकेश ने पुलिस को दिए शिकायत में आशंका जताई कि उसकी बाइक का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी काम के लिए हो सकता है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बाइक चोर की तलाश शुरू कर दी है.