गंगाजल लेकर लौटते वक्त बड़ा हादसा, कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर को ट्रक ने रौंदा, 2 की मौत; 13 घायल
शाहजहांपुर में कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में गंगाजल लेकर लौट रहे 2 कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हैं. यह घटना कांवड़ यात्रा की खुशियों को मातम में बदल गई. पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है.
शाहजहांपुर में गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के ट्रैक्टर को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सभी 15 लोग घायल हुए, जिनमें बरेली लाते समय दो युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मृतक में एक की पत्नी पांच माह की गर्भवती है. इस दर्दनाक हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे शाहजहांपुर के नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास हुआ. जैतीपुर क्षेत्र के बबियाना गांव से करीब 15 लोग गुरुवार को ट्रैक्टर से छोटी गंगा बेला डांडी गंगाजल लेने गए थे. रात में जल भरने के बाद सभी कांवड़िए ट्रैक्टर से गांव वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी.
ट्रैक्टर पर बैठे कांवड़िए इधर-उधर जा गिरे
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर बैठे कांवड़िए इधर-उधर जा गिरे. अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया. जिसमें दो लोगों को बरेली रेफर किया, लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया.
मृतक गुड्डू की पत्नी 5 माह की गर्भवती
इस दर्दनाक हादसे में बबियाना गांव निवासी करीब 25 वर्षीय गुड्डू और 22 वर्षीय अमन की मौत हो गई है. हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया. बरेली जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर गुड्डू के चाचा सियाराम ने बताया कि गुड्डू मेहनत-मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था. उसकी पत्नी आरती पांच माह की गर्भवती है.
खेती में परिवार का हाथ बंटाता था अमन
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 22 वर्षीय अमन चार भाई-बहनों में बीच का था और खेती-बाड़ी में परिवार का हाथ बंटाता था. परिजनों के मुताबिक वह गंगाजल लेकर खुशी-खुशी घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं. दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
ट्रक कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके. वहीं घायल कांवड़ियों का इलाज चल रहा है. पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली.