ग्रेटर नोएडा: साइबर केस की जांच में चूक पड़ी भारी! HC की फटकार के बाद इंस्पेक्टर और SI सस्पेंड

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर अपराध जांच में लापरवाही बरतने पर दो पुलिसकर्मी निलंबित कर दिए गए हैं. इलाहाबाद हाईकोर्ट के दखल के बाद साइबर निरीक्षक और सब इंस्पेक्टर पर गाज गिरी है. उन्होंने एक गलत बैंक खाते को फ्रीज किया था. जांच में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई हुई है.

साइबर जांच में लापरवाही पर निरीक्षक और SI निलंबित Image Credit:

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में साइबर अपराध से जुड़े एक मामले की जांच में लापरवाही बरतना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया. बिसरख कोतवाली में तैनात साइबर निरीक्षक देवेंद्र कुमार और सब इंस्पेक्टर मुनींद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है. दोनों पर जांच के दौरान गलत बैंक खाते को फ्रीज कराने और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप है.

जानकारी के मुताबिक बिसरख कोतवाली में साइबर अपराध से संबंधित एक मामले की जांच चल रही थी. इसी दौरान पुलिस की ओर से एक बैंक खाते को फ्रीज कराया गया. आरोप है कि जिस खाते पर कार्रवाई की गई, वह साइबर अपराध से जुड़े संदिग्ध खाते के बजाय किसी अन्य व्यक्ति का था. मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचने के बाद यह कार्रवाई हुई है.

डी-फ्रीज के लिए बोला तो, पुलिस ने की अभद्रता

खाताधारक को जब अपना बैंक खाता फ्रीज होने की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से संपर्क किया. उसने खाते को डी-फ्रीज कराने का अनुरोध किया. आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिसकर्मियों ने खाते को खुलवाने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया. खाताधारक के साथ कथित तौर पर अभद्रता किए जाने की बात भी सामने आई.

परेशान होकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

पुलिस कार्रवाई से परेशान खाताधारक ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. याचिका पर सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के संबंधित अधिकारियों को तलब किया. इसके बाद पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच कराई, जिसमें प्रथमदृष्टया लापरवाही सामने आने पर दोनों को निलंबित कर दिया गया.

हाल में थाना प्रभारी समेत 3 हुए थे लाइन हाजिर

बता दें कि बिसरख कोतवाली में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर हाल में भी कार्रवाई हो चुकी है. शिकायत के बावजूद साइबर केस दर्ज नहीं करने के मामले में थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी समेत तीन को लाइन हाजिर किया गया था. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच फिर से दो पुलिसकर्मियों का निलंबन होने विभाग के लिए चिंताजनक है.

Follow Us