दरोगा का पकड़ा गिरेबान, जमीन पर गिराकर फाड़ दी वर्दी; पति की अरेस्टिंग पर भड़की महिला

उत्तर प्रदेश के बांदा में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम पर एक महिला ने हमला कर दरोगा की वर्दी फाड़ दी. महिला ने अपने पति की गिरफ्तारी रोकने के लिए यह कदम उठाया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पति-पत्नी पर मामला दर्ज किया है. बाद में दरोगा का तबादला भी कर दिया गया.

सांकेतिक तस्वीर, श्रोत AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बांदा में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने दरोगा का कॉलर पकड़कर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उसकी वर्दी फाड़ दी और पुलिस की हिरासत से अपने पति को छुड़ाने का प्रयास किया. मामला बांदा में गिरवां थाना क्षेत्र के मसुरी खेरवा गांव का है. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. पुलिस ने पति-पत्नी एवं एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है.

उधर, घटना के बाद एसपी ने दरोगा का ट्रांसफर कालिंजर थाने में कर दिया है. पुलिस के मुताबिक खेरवा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने संपूर्ण समाधान दिवस में हाजिर होकर नरैनी एसडीएम को सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत दी थी. इस शिकायत पर एसडीएम ने लेखपाल को चकरोड की पैमाइश कर कब्जा हटवाने के आदेश दिए थे. इसके बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम दो दिन पहले मौके पर पहुंची थी.

पैमाइश के दौरान हुआ बवाल

आरोप है कि लेखपाल ने जैसे ही चकरोड की पैमाइश शुरू की आरोपी दंपत्ति आकर विरोध करने लगे. यहां तक कि लेखपाल के साथ भी अभद्रता की. ऐसे में मौके पर मौजूद पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा लिया और थाने ले जाने लगी. यह देखकर उस व्यक्ति की पत्नी दरोगा से भिड़ गई. उसने पहले दरोगा का कॉलर पकड़कर जमीन पर गिराया, फिर खींचकर उसकी वर्दी फाड़ दी. इतने में दरोगा ने भी एक थप्पड़ महिला को मारा और खद को छुड़ा लिया.

लेखपाल ने दर्ज कराई एफआईआर

इस घटना के संबंध में लेखपाल ने आरोपी दंपत्ति और एक अन्य के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच सीओ नरैनी कर रहे हैं. मंगलवार को आरोपी महिला भी एसपी ऑफिस पहुंची और दरोगा के खिलाफ शिकायत दी. आरोप लगाया कि दरोगा और लेखपाल दूसरे पक्ष के साथ मिलकर उनकी अपनी जमीन में से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास कर रहे थे. विरोध करने पर दरोगा ने उनके पति को अरेस्ट कर लिया. उसने रोकने की कोशिश की तो दरोगा ने लात घूंसे मारे. इस शिकायत के बाद दरोगा का ट्रांसफर किया गया है.

Follow Us