संग जी ना सके तो… एक ही दुपट्टे से पेड़ पर लटका मिला प्रेमी जोड़ा, देखते ही मचा हड़कंप

सीतापुर में एक प्रेमी जोड़े ने एक ही दुपट्टे से लटककर जान दे दी है. दोनों के शव शनिवार की सुबह नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित एक बाग में आम के पेड़ से लटके मिले हैं. देखते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक प्रेमी जोड़े ने एक ही दुपट्टे से लटककर जान दे दी है. दोनों के शव शनिवार की सुबह नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित एक बाग में आम के पेड़ से लटके मिले हैं. सुबह लोग जब दिशा मैदान के लिए निकले तो शवों को देखा. इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. आनन फानन में सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की है.

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान रामपुर क्योटाना गांव निवासी 16 वर्षीय रजनी पुत्री मलखान और 19 वर्षीय प्रेवंश पुत्र रामू के रूप में हुई है. दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे. ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इनके प्रेम संबंधों की चर्चा भी गांव में खूब थी. हालांकि दोनों के परिजनों को इनका रिश्ता मंजूर नहीं था. ऐसे में दोनों चाहकर भी एक नहीं हो पा रहे थे. ऐसे में दोनों ने एक साथ मौत को चुन लिया.

सुबह चार बजे मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक शनिवार तड़के करीब चार बजे दोनों अपने-अपने घरों से निकले थे. थोड़ी देर बाद जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्हें इनके शव आम के पेड़ पर एक ही दुपट्टे से लटके दिखाई दिए. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई. मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए. इन लोगों ने ही सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक फोरेंसिक टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया है. हालांकि पुलिस अन्य संभावित एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. उधर, घटना के बाद दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है. उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इससे गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है. एएसपी दुर्गेश सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us