नहीं करनी शादी… सगाई में क्यों भड़की दुल्हन? बुलानी पड़ी पुलिस, टूट गई शादी

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक दुल्हन ने सगाई के वक्त दहेज की अतिरिक्त मांग पर दूल्हे को ठुकरा दिया. दूल्हे के पिता ने ₹2 लाख की अतिरिक्त मांग की, जिससे दुल्हन भड़क गई. उसने शादी से ही इनकार कर दिया, यह कहते हुए कि उसे दहेज की आग में नहीं जलना है. दुल्हन पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच शुरू हो गई है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एक दुल्हन के साहस की चर्चा खूब हो रही है. इस दुल्हन ने ठीक सगाई के वक्त दूल्हे को नकार दिया. दरअसल एक तरफ दूल्हा और दुल्हन सगाई कर रहे थे, वहीं पास में ही दूल्हे के पिता दुल्हन के पिता के बुलाकर दहेज में दो लाख रुपये अतिरिक्त देने की मांग कर रहे थे. यह खबर दुल्हन को मिली तो वह भड़क गई. उसने साहस दिखाते हुए शादी से ही इनकार कर दिया.

दुल्हन ने कहा कि अभी तो सगाई में ये हाल है. इसके बाद शादी होगी और वह दुल्हन बनकर इनके घर जाएगी तो उसे तो दहेज की आग में ही जलना होगा. मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र का है. इस संबंध में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ पुलिस में भी शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में पुलिस ने दूल्हा पक्ष को भी अपनी बात रखने को कहा है.

ऐसे शुरू हुआ विवाद

दुल्हन पक्ष का कहना है कि दोनों पक्षों की सहमति से सगाई समारोह का आयोजन किया गया था. इस आयोजन के दौरान अचानक दूल्हा पक्ष ने दहेज में अतिरिक्त दो लाख रुपयों की मांग कर दी. इससे पहले दूल्हा पक्ष गहने बनवाने के नाम पर चार लाख रुपये ले चुके थे. दुल्हन पक्ष ने तत्काल इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो दूल्हा पक्ष ने अभद्रता शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर खुद दुल्हन ने मोर्चा संभाला और शादी से ही मना कर दिया.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक राबर्ट्सगंज कस्बे के विकास नगर निवासी गोपाल मौर्य के पुत्र विनय मौर्य की शादी राबर्ट्सगंज की रहने वाली एक युवती से तय हुई थी. छह मार्च को इनकी सगाई होनी थी. तय समय पर दोनों पक्ष सगाई के लिए पहुंच गए. इसी दौरान दूल्हे की मां, बहन ने लड़की के पिता को अलग कमरे में बुलाकर अपनी मांग रख दी. कहा कि पैसे देने पर सगाई होगी.

रिपोर्ट: मोहित मिश्रा, सोनभद्र