‘दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी नहीं चलेगी…’, सूर्या चौहान हत्याकांड पर पहली बार बोले CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड पर भी बात की. उन्होंने कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं है. नालायक बच्चों को समझाना जरूरी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में पाकिस्तानी विस्थापितों और पूर्व सैनिकों को भूमिधरी अधिकार पत्र सौंपे. साथ ही अफजलगढ़ के आलमपुर गावड़ी में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान सीएम योगी ने पहली गाजियाबाद में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड पर प्रतिक्रिया दी. साथ ही गौमाता के महत्व पर भी जोर दिया.
मुख्यमंत्री ने समारोह में पाकिस्तान से विस्थापित 1,645 परिवारों एवं पूर्व सैनिकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरण किए. उन्होंने संबोधन में कहा कि 1946-48 के दौरान पाकिस्तान में मजहबी कट्टरता के कारण हजारों हिंदू और सिख परिवारों को पुश्तैनी संपत्ति और घर-बार छोड़ने पड़े. दशकों बाद अब इन परिवारों को मालिकाना हक मिलने जा रहा है.
‘मौलाना-मौलवियों की कभी आवाज नहीं निकली’
सीएम योगी ने कहा कि इन पाकिस्तानी विस्थापितों के बारे में या देश भर में फैले हुए उन विस्थापितों के बारे में मौलाना और मौलवियों की कभी आवाज़ नहीं निकली. कितना अच्छा होता ये बोलते कि इनकी संपत्ति को वहां पर उन कट्टरपंथियों ने कब्जा किया है, या वक्फ के नाम पर जिन्होंने यहां के हिंदुओं की जमीन को कब्जा किया है, इनको हम फ्री में जमीन दें.
उन्होंने कहा कि अगर वह ऐसी घोषणा करते तो हम मानते कि हां इनकी कुछ संवेदना है, लेकिन नहीं. दोहरा चरित्र जो होता है ना, यही होता है. मुंह में कुछ और पीछे कुछ, अब ये देश ये सोचने वाला नहीं है. सीएम ने कहा कि दशकों बाद अब इन विस्थापित परिवारों की चौथी पीढ़ी को जमीन का मालिकाना हक दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
हमे इन नालायक बच्चों को समझाना होगा- CM
गाजियाबाद में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रतिक्रिया देते कहा कि इस घटना ने समाज को झकझोर दिया है. बकरीद पर गलत हरकतें की गई, दोस्ती की आड़ मे छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने कहा कि कोई अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा तो समझो गलती कर रहा है. हमे इन नालायक बच्चों को समझाना होगा.
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाएगी. ऐसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर सामने खड़दूषण है तो शस्त्र उठाना होगा. सूर्या चौहान को उसके दोस्त असद ने चाकूओं से मौत के घाट उतार दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे मुठभेड़ में मार गिराया था.
गौ हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है- CM
सीएम योगी ने गौमाता के महत्व पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं इस समय एक चलन देख रहा हूं, तमाम मौलवी और मौलाना इस समय एक बयान दे रहे हैं, कह रहे हैं गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करो. हमने कहा कि गौ हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है.’ क्या मां और पुत्र के बीच में कुछ घोषित करने की आवश्यकता पड़ती है क्या?
उन्होंने कहा, ‘क्या किसी पुत्र को बताने की आवश्यकता पड़ती है कि तुम्हारी मां है, इसका सम्मान करो? ये हमारे संस्कार हैं. हमने अपनी मां के बारे में जो सम्मान का भाव रखते हैं, वह भी और हमने गाय को माता माना है, तो गाय तो हमारे लिए माता है, वह पशु नहीं, पशु तुम्हारी बुद्धि है, जो तुम हमारी गौमाता को पशु बोलते हो. तुम्हारी सोच पशुवत है.’