सुल्तानपुर: थाने में SHO को लगी गोली, निजी पिस्टल से फायरिंग; गंभीर हालत में लखनऊ रेफर

सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर को संदिग्ध हालात में गोली लगने का मामला सामने आया है. उनके सरकारी आवास में निजी पिस्टल से फायरिंग हुई. गंभीर हालत में इंस्पेक्टर को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है. एसपी चारु निगम समेत ADG लॉ एंड ऑर्डर और IG अयोध्या रेंज ने मौके का जायजा लिया.

SHO अरुण द्विवेदी को थाने में गोली लगी (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अखंड नगर थानाध्यक्ष को गोली लग गई. यह घटना थाने में स्थित उनके सरकारी आवास पर घटी. कमरे से अचानक फायरिंग की आवाज आने पर पुलिसकर्मी चौंक गए. जब अंदर जाकर देखा तो वह अचेत अवस्था में लहुलुहान फर्स पर पड़े मिले. इस घटना से थाने में अफरा-तफरी मच गई.

अखंड नगर थाने थानाध्यक्ष का नाम अरुण द्विवेदी हैं, थाना परिसर में ही उनका सरकारी आवास है. पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देख डाक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया. घटना की जानकारी लगते ही सुल्तानपुर एसपी, अयोध्या रेंज के IG और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर मौके पर पहुंचे.

SHO घायल मिले, पास में निजी रिवॉल्वर पड़ी थी

जानकारी के मुताबिक, SHO अरुण द्विवेदी शाम में कमरे में थे, उसी दौरान उनके कमरे में गोली की आवाज सुनकर वहां तैनात पुलिसकर्मी अंदर दाखिल हुए. जहां अरुण द्विवेदी घायलावस्था में पड़े थे. कंधे के पास गोली लगी हुई थी. जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चारु निगम उनके पास पहुंची और हाल चाल लिया. साथ ही अखंड नगर थाने का जायजा लिया.

एसपी चारु निगम ने बताया कि अरुण द्विवेदी को 15 मार्च से कार्यवाहक थानाध्यक्ष बनाया गया था. शाम सवा 6 बजे वे अपने कमरे की साफ सफाई और व्यवस्थित करने में लगे थे. उसी दौरान कमरे से गोली चलने की आवाज आई. उन्होंने बताया कि जिस समय घटना हुई, उस समय अरुण द्विवेदी कमरे में अकेले थे, वहां पर उनकी निजी रिवॉल्वर पड़ी हुई थी.

एक्सीडेंटल फायर का लग रहा केस, लखनऊ रेफर

फिलहाल एसपी ने फील्ड यूनिट बुला ली है, ताकि इसकी जांच हो सके. घायल SHO को लखनऊ पीजीआई ट्रामा सेंटर में भेजा गया है, जहां उनकी सर्जरी की जाएगी. फिलहाल ये एक्सीडेंटल फायर का केस प्रतीत हो रहा है. वहीं घटना की जानकारी लगते ही अयोध्या रेंज के आईजी सोमन बर्मा और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं.

Follow Us