52 यात्रियों को ले जा रही स्लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी, एक महिला की मौत, 22 से ज्यादा घायल
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर उन्नाव के पास आज सुबह करीब 7 बजे दिल्ली से लखनऊ की तरफ जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और 22 यात्री घायल हो गए हैं.
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सोमवार यानी 23 मार्च की सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है. इस हादसे में एक महिला की मृत्यु हो गई है. वहीं, 22 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएससी बांगरमऊ भेजा है. प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद आना बताई जा रही है.
सुबह करीब 7 बजे हुआ हादसा
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किलोमीटर संख्या 239 सोमवार की सुबह करीब 7 बजे दिल्ली से लखनऊ की तरफ जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे के वक्त बस में कुल 52 सवारियां थीं.
लखनऊ की रहने वाली है मृतक महिला
जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बस में बैठी ज्यादातर सांवरिया नींद में थीं. अचानक झटका लगने से चीख पुकार मच गई. हादसे में जिस महिला की मौत हुई है वह लखनऊ की रहने वाली बताई जा रही है. हादसा इतना भयंकर था की बस में लगे पहिया टूटकर अलग हो गए और सड़क पर फैल गए.
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम बांगरमऊ ब्रज मोहन शुक्ला और क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष सिंह बांगरमऊ सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए. प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
दो यात्रियों की हालत गंभीर
बस में सवार सभी घायलों को इलाज के लिए बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. गंभीर हालत में दो लोगों को लखनऊ के लिए रेफर किया गया है और बाकी लोगों को इलाज जिला अस्पताल उन्नाव में चल रहा है. सड़क पर पलटी बस को क्रेन के माध्यम से सीधा कर उसे हाईवे के किनारे खड़ा कराया गया और उसके बाद आवागमन चालू हो सका.
.