देश विरोधी साजिश नाकाम, यूपी ATS ने पाक हैंडलर ग्रुप को पकड़ा; रेलवे को उड़ाने की थी तैयारी
यूपी ATS ने एक बड़े पाकिस्तानी हैंडलर समर्थित आतंकी गिरोह का पर्दाफाश किया है. यह गिरोह प्रतिष्ठित संस्थानों पर आगजनी, रेकी और दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था. इन्हें पाकिस्तान से टेलीग्राम पर वारदात के लोकेशन और QR कोड के ज़रिए पैसे मिलते थे. हाल में रेलवे सिग्नल बॉक्स की रेकी की गई थी.
उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने देश के खिलाफ एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. ATS ने चार ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर देश में दहशत फैलाने की साजिश रच रहा थे. इनके तार पाकिस्तान के आतंकी गिरोह से जुड़े मिले हैं. इन्हें भारत में डर का माहौल बनाने के लिए QR कोड के ज़रिए पैसे भेजे जाते थे.
एटीएस को सोशल मीडिया के माध्यमों से एक गिरोह का पाकिस्तान हैंडलर के निरंतर संपर्क में रहने की सूचना मिली थी. गिरोह का उद्देश्य देश के महत्त्वपूर्ण संस्थानों और राजनैतिक व्यक्तियों की रेकी कर प्राप्त जानकारी को पाकिस्तानी हैंडलर को उपलब्ध कराना और योजना बनाकर उन्हें नुक्सान पहुंचाना था. पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 4 को दबोचा है.
आतंकी भेजते थे गूगल लोकेशन, फिर करते थे रेकी
ATS ने पाकिस्तानी हैंडलर का खुलासा करते हुए बताया कि इस गिरोह ने हाल में गाज़ियाबाद, अलीगढ, लखनऊ शहरों में
प्रतिष्ठित संस्थानों, वाहनों और रेलवे सिग्नल बॉक्स की रेकी की थी. साथ ही इनेक विडियो पाकितानी हैंडलर को भेजे गए थे. पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा संस्थानों की गूगल लोकेशन भेजी जाती थी जिसके आधार पर रेकी का काम किया जाता था.
इस काम के एवज में QR कोड के माध्यम से गिरोह को पैसे मिलते थे. पुलिस के मुताबिक, 2 अप्रैल को इस गिरोह के मुख्य सदस्य साकिब उर्फ़ डेविल पुत्र शकील अहमद ने अपने साथियों के साथ मिलकर, लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास रेलवे सिग्नल
और अन्य रेलवे संपत्ति पर विस्फोट की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही ये एटीएस टीम के हत्थे चढ़ गए.
गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 4 आरोपियों पर मुकदमा
गिरोह का मास्टरमाइंड साकिब उर्फ़ डेविल मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना अगवानपुर का रहने वाला है. इसके अलावा विकाश गहलावत उर्फ़ रौनक पुत्र रविन्द्र निवासी छपरौला, गौतमबुध नगर, लोकेश उर्फ़ पपला पंडित पुत्र रोहताश शर्मा निवासी रामविहार कालोनी, गौतमबुधनगर और अरबाब पुत्र रहीशुद्दीन अगवानपुर थाना परीक्षितगढ़, मेरठ को गिरफ्तार किया है.
साकिब उर्फ़ डेविल मेरठ में नाई का काम करता है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (टेलीग्राम, सिग्नल, इंस्टाग्राम) के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स, विभिन्न कट्टरपंथी ग्रुपों तथा अफगानिस्तान देश के कई नंबरों से जुड़ा था. चारों आरोपियों के खिलाफ थाना एटीएस लखनऊ मे BNS की 148,152,61(2) और UAPA के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.