लाखों युवाओं का इंतजार खत्म, UP होमगार्ड भर्ती का रिजल्ट जारी, 1 लाख से अधिक हुए शॉर्टलिस्ट

यूपी होम गार्ड भर्ती परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. एक लाख से अधिक उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिन्हें अब दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा. होम गार्ड भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अप्रैल में आयोजित की गई थी.

यूपी होमगॉर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसमें 1 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिन्हें अब दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया जाएगा.

बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को किया गया था. परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड अंकों में वरीयता प्राप्त योग्यताओं के अंक जोड़कर और राज्य की आरक्षण नीति के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी की गई है. बोर्ड ने कुल 1,07,221 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया है.

DV और PST की तारीखों की घोषणा भी जल्द

UPPRPB ने होमगार्ड के कुल 41,424 पदों को भरने के लिए, 18 नवंबर 2025 को नोटिफिकेशन जारी किया था. वहीं, लिखित परीक्षा के बाद करीब 2.6 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. DV/PST के लिए एलिजिबल कैंडिडेट्स की लिस्ट लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज़्ड मार्क्स में प्रेफरेंशियल क्वालिफाइंग मार्क्स जोड़कर तैयार की गई है.

भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक जिले और श्रेणी के अनुसार कट-ऑफ अंक संबंधित पीडीएफ सूची के अंत में उपलब्ध कराए गए हैं. DV और PST की तारीखों की घोषणा जल्द ही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी. अभ्यार्थी बोर्ड की वेबसाइट https://uppbpb.gov.in पर रिजल्ट चेक कर सकते हैं.

नियमित रूप से बोर्ड की वेबसाइट देखते रहें

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और भर्ती से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए नियमित रूप से बोर्ड की वेबसाइट देखते रहें. साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि वेबसाइट पर किसी तकनीकी त्रुटि की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसका अंतिम निर्णय भर्ती बोर्ड का ही होगा.

Follow Us