यूपी में मौसम का बड़ा अपडेट, लू के बाद अब बारिश का दौर होगा शुरू; आज 26 जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक हो चुकी है, जिससे पश्चिमी से पूर्वी यूपी तक भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. लखनऊ सहित पूर्वी यूपी के कई जिलों में 30 जून और 1 जुलाई को ब्लू/येलो अलर्ट है. आगामी 1 जुलाई तक प्रदेशभर में वर्षा की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से 1 जुलाई तक मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 30 जून और 1 जुलाई के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश में ब्लू अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश और उसके बाद तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. 28 जून तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 29 जून से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 जून तक लू का असर बना रह सकता है.
तापमान में 5 से 8 डिग्री तक होगी गिरावट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 जून के बाद मौसम करवट लेगा और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम बदलने के बाद अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है.
मौसम विभाग ने मथुरा, आगरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, झांसी, जालौन, महोबा, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, औरैया, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, बलिया, चंदौली, सोनभद्र, देवरिया, महाराजगंज, संत कबीर नगर और चित्रकूट समेत कई जिलों में एक या दो स्थानों पर आंधी के साथ बूंदा-बांदी और बारिश की संभावना जताई है.
इन जिलों में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट
वहीं लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, अयोध्या, गोंडा, अमेठी, सुल्तानपुर और रायबरेली सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में अगले दो दिन तक गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली हैं. हालाकि, 29 जून से इन इलाकों में भी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है.
गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान प्रयागराज में 43 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान मेरठ में 24.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.