महाशिवरात्रि पर लगातार 27 घंटे तक होंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन, आरती का शेड्यूल भी हुआ जारी

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु इस बार लगातार 27 घंटे तक बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे. मंदिर प्रशासन ने तकरीबन 12 लाख श्रद्धालुओं का बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने का अनुमान लगाया है. प्रशासन की तरफ से महाशिवरात्रि पर आरती का भी शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है.

काशी विश्वनाथ

15 फरवरी को महाशिवरात्रि है. इस दौरान भगवान शंकर की दर्शन के लिए मंदिरों में भक्तों की खूब भीड़ उमड़ेगी. वाराणसी के बाबा विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का हुजुम आएगा. ऐसे में महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ की आरती और दर्शन-पूजन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है.

15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ की मंगला आरती सुबह 2:15 पर शुरू हो जाएगी. 3:15 पर मंगला आरती पूरी होगी. 3:30 से श्रद्धालुओं के लिए गर्भ गृह के कपाट खुल जायेंगे. 15 फरवरी को 3:30 से बाबा का दर्शन पूजन 16 फरवरी को सुबह 6:30 बजे तक अनवरत चलेगा. महाशिवरात्रि पर लगातार 27 घंटे तक दर्शन पूजन जारी रहेगा. सुबह 11:40 बजे से मध्याहन भोग आरती का आयोजन किया जाएगा. यह आरती 12:20 बजे तक होगी.

16 फरवरी को मंगला आरती नहीं होगी

परंपरा के मुताबिक महाशिवरात्रि के दिन मंदिर में सप्त ऋषि आरती, भोग आरती और शयन आरती नहीं होगी. इसके स्थान पर चार प्रहर की आरती होगी. 16 फरवरी को मंगला आरती भी नही होगी. मंदिर प्रशासन ने सभी प्रहरों की आरती का शेड्यूल जारी कर दिया है.

ये है चारों प्रहरों की आरती का शेड्यूल

प्रथम प्रहर की आरती की तैयारी रात्रि 9:30 बजे से होगी. इसमें शंख बजेगा एवं पूजा की तैयारी भी होगी. इस दौरान झांकी दर्शन जारी रहेगा. प्रथम प्रहर की आरती रात 10 बजे से शुरू होकर 12:30 बजे चलेगी. द्वितीय प्रहर की आरती रात 01:30 बजे से 02:30 बजे तक और तृतीय प्रहर की आरती सुबह 03:30 बजे से शुरू होकर 04:30 बजे होगा. इसी प्रकार चतुर्थ प्रहर की आरती सुबह 5 बजे से सवा छह बजे तक होगी.

मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि इस बार महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सारे रिकॉर्ड तोड़ देगी. प्रशासन ने 12 लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है. इसको ध्यान में रख कर ही मंदिर प्रशासन महाशिवरात्रि की तैयारी कर रहा है.

Follow Us