नोएडा हिंसा में पाकिस्तानी साजिश! मजदूर आंदोलन पर श्रम मंत्री का बड़ा बयान, दिया ये तर्क

नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए मजदूर आंदोलन पर यूपी के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने इसे पाकिस्तानी साजिश बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी तत्वों ने इसे हिंसक बनाया. मंत्री ने श्रमिकों के वेतन में 21% वृद्धि की घोषणा की और सपा पर इस स्थिति का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया. उधर, नोएडा में वायरल वीडियो-ऑडियो भी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करते हैं.

अनिल राजभर, मंत्री उत्तर प्रदेश Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे यूपी के नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हुए श्रमिकों के बवाल पर प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर का बयान सामने आया है. मंत्री अनिल राजभर ने इस घटना को पाकिस्तानी साजिश करार दिया. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नोएडा में मजदूर आंदोलन को बाहरी तत्वों ने हिंसक बनाया. ये बाहरी तत्व पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर मजदूरों के बीच घुस आए थे. उन्होने इसे सुनियोजित साजिश करार देते हुए पूछा कि आखिर अचानक इतने सारे लोग सड़क पर कहां से आ गए.

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि वह बीते चार वर्षों से प्रदेश में श्रम मंत्री हैं. आज तक कभी कोई समस्या नहीं आई. लेकिन अब मेरठ और नोएडा से चार आतंकियों के पकड़े जाने के बाद स्थिति बदली है. उन्होंने कहा कि पुलिस की पूछताछ के प्रारंभिक चरण में इन आतंकियों ने भी अपने पाकिस्तानी कनेक्शन बताए थे. उन्होंने कहा कि हम फंडिंग और ओपरेटिव मॉड्यूल की भी जानकारी जुटा रहे हैं. उन्होंने सीएम योगी की उसी दिन मुजफ्फरनगर में रैली थी. यह साजिश के जरिए उस रैली को भी प्रभावित करना था.

21 फीसदी बढ़ाया वेतन

श्रम मंत्री ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक हाई लेवल कमिटी बनाई गई है. कमिटी ने श्रमिकों और ट्रेड यूनियनों के साथ बातचीत कर रिपोर्ट बनाई है. इसी रिपोर्ट के आधार पर हमने वेजेज में 21% का इज़ाफ़ा किया है. उन्होंने बताया कि आगामी दो महीने के अंदर देश में फ्लोर वेज लागू होने जा रहा है. उसके बाद श्रमिकों के वेतन में आई विसंगतियां दूर हो जाएंगी.

सपा ढूंढ़ रही आपदा में अवसर

श्रम मंत्री अनिल राजभर ने नोएडा की घटना के लिए समाजवादी पार्टी की भूमिका से भी इंकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि जब वेजेज में 21% की वृद्धि कर दी गई है तो क्या कारण है कि श्रमिक आज भी सड़क पर हैं. समाजवादी पार्टी हमेशा से आपदा में अवसर खोजती रहती है. पहले पेट्रोल पम्प और गैस एजेंसियों पर अपने लोगों की लाइन लगवा कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश की, अब श्रमिकों को बरगला रहे हैं. ये जब चुनाव में बीजेपी को नहीं हरा पाए तो इस तरह की साज़िश कर रहे हैं.

वायरल वीडियो पर मचा बवाल

उधर, नोएडा में मजदूरों के आंदोलन को लेकर एक वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. TV9 DIGITAL को मिले इस एक्सक्लूसिव ऑडियो और वीडियो क्लिप से साफ जाहिर हो रहा है कि इस हिंसक आंदोलन के लिए साजिश रची गई थी. ऑडियो में श्रमिकों से एकत्रित होने की अपील की गई है. यही नहीं, लाठीचार्ज के बाद इकट्ठा होने और साथ में मिर्ची पाउडर लेकर आने को भी कहा जा रहा है. इसी संबंध में एक इंस्टाग्राम चैट भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

Follow Us