यूपी के कई जिलों में पारा 30 के पार, ये है प्रदेश के 5 सबसे गर्म जिले

आमतौर पर 10 से 15 मार्च के बाद गर्मी का असर बढ़ता है. लेकिन इस बार फरवरी के अंत में ही तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच रहा है. प्रदेश के कई जिलों में पारा 30 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया जा रहा है.

यूपी के मौसम का हाल Image Credit:

यूपी में मौसम पूरी तरह से बदल चुका है. ठंड पूरी तरह से गायब हो चुका है. फरवरी से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 48 घंटे के अंदर तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है.

फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी

आमतौर पर 10 से 15 मार्च के बाद गर्मी का असर बढ़ता है. लेकिन इस बार फरवरी के अंत में ही तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच रहा है. मार्च की शुरुआत से ही रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ने की आशंका बढ़ गई है. ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी है.

ग्रीन जोन में प्रदेश के सभी जिले

आईएमडी के मुताबिक (26 फरवरी) को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान सभी 75 जिलों को मौसम विभाग ने ग्रीन जोन में रखा है. इन जिलों में बारिश, आंधी और कोहरे को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी हुई है. दिन में अच्छी-खासी धूप खिली रहेगी.

न्यूनतम और अधिकतम तापमान वृद्धि

जैसे-जैसे फरवरी बीत रहा है, वैसे-वैसे न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों में वृद्धि हो रही है. आगरा में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया. यहां अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री पाया गया. फिर, बांदा में 31.6, प्रयागराज में 31.5, वाराणसी और हमीरपुर में 30.6 पाया गया.

वहीं, 12 डिग्री के साथ नजीबाबाद सबसे ठंडा जिला रहा. बुलंदशहर में भी 12 डिग्री तापमान पाया गया. बहराइच में 12.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा. फिर हरदोई में 12.5 और कानपुर में 12.7 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और भी इजाफा हो सकता है.

वायु गुणवत्ता में भी गिरावट

बढ़ते तापमान के साथ शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी बढ़ रहा है. बुधवार शाम लखनऊ का औसत AQI लगभग 150 दर्ज किया गया, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 300 के करीब पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक श्रेणी में आता है. नोएडा में एक्यूआई इंडेक्स 200 के आसपार रिकॉर्ड किया गया.