यूपी के इन जिलों में बवंडर वाली आंधी का आज भी अलर्ट, झमाझम बरसेंगे बादल
आईएमडी ने देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिलों में आज भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर प्रदेश में बीते 4 दिनों से लगातार बारिश हो रही है. बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं, धूलभरी आंधी की भी स्थिति देखी गई. इसके प्रदेश में बड़े स्तर पर जानमाल की भी हानि हुई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक बारिश संबंधी घटनाओं के चलते प्रदेश में अब तक 30 से अधिक लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं. इसके साथ कई जगहों पर बिजली के खंभों के धाराशायी होने से बिजली व्यवस्था भी ठप हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक बीते कुछ दिनों के मुकाबले मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा. तापमान में भी बढ़ोतरी होगी. हालांकि तराई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ जरूर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है. आईएमडी ने देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिलों में आज भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अलर्ट जारी किया है.
प्रशासन ने लोगों को दी ये सलाह
फिलहाल, खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन की तरफ से लोगों को अलर्ट रहने की अपील की गई है, लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है. कच्चे और टिन शेड जैसे घरों में रहने वाले लोगों को अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है.
11 मई तक बारिश का दौर खत्म हो जाएगा
बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कभी धूप तो कभी बारिश की स्थिति बनी रही. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बादल बरसते हुए दिखे. इस दौरान तापमान में भी कमी देखने को मिली. लगातार हो रही बारिश के पीछे मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का हाथ बताया जा रहा है, जो धीरे-धीरे कमजोर होता दिख रहा है. आईएमडी की मानें तो 11 मई तक बारिश का दौर पूरी तरह खत्म हो जाएगा. ऐसे में फिर से हीट वेव की स्थिति की वापसी हो सकती है.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान 38 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. फिर, ओरई में 37.2, प्रयागराज में 36.9, वाराणसी में 36.1 और आगरा में 35.6 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 16.5 डिग्री के साथ हरदोई पहले स्थान पर रहा. फिर, बाराबंकी में 17.5, शाहजहांपुर में 17.8 और लखनऊ में 18 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.