फिर आग की भट्टी की तरह झुलसने लगा यूपी, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार भी जा सकता है.हालांकि, प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. ऐसे में हीटवेव के बीच प्रदेश में 11 जून से आंधी-पानी की भी आशंका जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद अब भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो चुका है. सोमवार यानी 08 जून को प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप के साथ-साथ उमस भरी गर्मी देखने को मिली है. मौसम विभाग ने आज यानी 09 जून को भी प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार भी जा सकता है.
11 जून से आंधी-पानी की आशंका
हालांकि, प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है. ऐसे में हीटवेव के बीच प्रदेश में 11 जून से आंधी-पानी की भी आशंका जताई गई है. इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी से हल्की राहत जरूर मिल सकती है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के बाद प्रदेश फिर से उमस भरी गर्मी की शुरुआत हो जाएगी. यह तब तक जारी रह सकती है, जब तक मॉनसून दस्तक न दे.
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी
बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ. वहीं अधिकतम तापमान में आंशिक इजाफा हुआ. इसमें सिर्फ एक डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया. हालांकि, मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अधिकतम तापमान में अगले एक दो दिन में 5 डिग्री तक का उछाल आ सकता है.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन हीटवेव के अलर्ट के चलते लोगों को बेमतलब में घर से बाहर ना निकलने की सलाह दी है. हल्के कपड़े पहनने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है. अगर, लू के चलते आपकी तबीयत खराब होती है, तो बिना देर किए नजदीकी चिकित्सक से जरूर संपर्क करें.
झांसी और बांदा सबसे गर्म जिले रहे
पिछले 24 घंटे के दौरान झांसी और बांदा सबसे गर्म जिले रहे. दोनों शहरों में 43.2 डिग्री तापमान पाया गया. फिर, प्रयागराज में 42.8, फतेहगढ़ और कानपुर में 42.4 अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो नजीबाबाद 21 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर, बस्ती में 24, फतेहपुर में 25, मुजफ्फरनगर में 25.6, हमीरपुर में 26.2 न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.