लू से त्रस्त यूपी को मिली राहत, आज से बारिश-तूफान का अलर्ट, 50-60 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर प्रदेश में 28 अप्रैल से 2 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और वज्रपात के साथ-साथ तेज रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है.वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अप्रैल तक आंधी-बारिश की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

यूपी में बारिश Image Credit:

उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही थी. तापमान 45 डिग्री के आंकड़े को छू रहा था. उमस और तपिश से लोग भारी परेशान थे. गर्मी और लू से बेहाल मरीजों की संख्या अस्पतालों में तेजी से बढ़ी थी. लेकिन अब प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर आई है. मौसम का रूख पूरी तरह से बदल गया है. आसमान में बादल छा गए है. तेज रफ्तार में हवाएं चल रही है.

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 अप्रैल से 2 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और वज्रपात के साथ-साथ तेज रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 अप्रैल तक आंधी-बारिश की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी 28 अप्रैल को सहारनपुर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, ललितपुर, झांसी, औरेया, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, संभल, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.

अधिकत तापमान में आएगी गिरावट

बता दें कि 27 अप्रैल को उत्तर भारत के राज्यों में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हुआ है. इसका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ रहा है. यही वजह है कि प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है. नोएडा से लेकर गोरखपुर तक लोगों को लू की स्थिति से राहत मिली है. अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी.

बांदा में पारा 47 डिग्री के पास

प्रदेश में 27 अप्रैल को गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा था. दिन भर झुलसाने वाली गर्मी की स्थिति रही. बांदा में पारा 47 डिग्री के पास पहुंच गया. बुंदेलखंड के अधिकतर इलाकों की यही स्थिति रही. प्रयागराज, बनारस, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा आदि शहरों में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.

प्रयागराज में भी 45.7 तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान 46.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा. प्रयागराज में 45.7, फुरसतगंज में 44.7,हमीरपुर में 44.2 और कानपुर में 44.1 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो 20.5 डिग्री के साथ नजीबाबाद पहले स्थान पर रहा. फिर बाराबंकी और बस्ती में 22, आजमगढ़ में 22.6 और गोरखपुर में 22.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.

Follow Us