फरवरी बीता नहीं कि सताने लगी गर्मी, प्रयागराज में पारा 30 डिग्री के पार पहुंचा
यूपी के सभी जिले ग्रीन जोन की स्थिति में हैं. आने वाले दिनों में भी मौसम का यही हाल रहने वाला है. मार्च के पहले सप्ताह में तापमान 35 डिग्री तक भी पहुंच सकता है. इस बीच बारिश का भी अलर्ट नहीं है.
प्रयागराज, आगरा, झांसी, वाराणसी और सुल्तानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है. ऐसा लग रहा है कि इस बार गर्मी समय से पहले ही दस्तक दे रही है. आईएमडी के मुताबिक अगले इस हफ्ते के अंत तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
ग्रीन जोन की स्थिति में प्रदेश के सभी जिले
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 25 फरवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों में आसमान साफ रहेगा. 26, 27 और 28 फरवरी को भी मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. फिलहाल, प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन की स्थिति में हैं. आने वाले दिनों में भी मौसम का यही हाल रहने वाला है. मार्च के पहले सप्ताह में तापमान 35 डिग्री तक भी पहुंच सकता है.
बारिश का पूर्वानुमान नहीं है
चार दिनों में 2 नए पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेंगे. पहला पश्चिमी विक्षोभ 27 फरवरी को और दूसरा 2 मार्च को हिमालयी क्षेत्र पर असर डालेगा. लेकिन, ये पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हैं. यही वजह है इस हफ्ते मौसम विभाग ने बारिश का कोई खास पूर्वानुमान नहीं जारी किया है.
प्रयागराज रहा सबसे गर्म जिला
प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर, आगरा में 31.3, झांसी में 30.6, वाराणसी में 30.3 और सुल्तानपुर में 30.2 रिकॉर्ड किया गया.
न्यूनतम तापमान में लगातार इजाफा
वहीं, न्यूनतम तापमान में भी लगातार इजाफा देखा जा रहा है. सबसे कम तापमान फतेहपुर में रिकॉर्ड किया गया. यहां 12 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया. फिर नजीबाबाद में 12.2, गोरखपुर में 12.7 और कानपुर में 12.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते के दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री को पार कर सकता है.