यूपी वालों के लिए भारी अगले 3 दिन, 43 जिलों में भयंकर हीटवेव का अलर्ट, बांदा लगातार 5वें दिन रहा सबसे गर्म शहर

बांदा का तापमान लगातार पांचवें दिन भी सबसे ज्यादा 48 डिग्री दर्ज किया गया.. फिर प्रयागराज में 46.4, हमीरपुर में 46.2, झांसी में 45.9 और आगरा में 45.3 अधिकतम तापमान रहा. मौसम विभाग ने अगले 3 दिन प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है.

हीटवेव Image Credit:

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है. अगले 3 दिन गर्मी से राहत मिलने की बिल्कुल भी आसार नहीं है. मौसम विभाग तीन दिनों के लिए प्रदेश में भीषण लू की स्थिति का अलर्ट जारी किया है.इसमें 10 जिलों के लिए रेड और 33 के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है.

बांदा में 48 डिग्री तापमान

बांदा का तापमान पांचवें दिन भी सबसे ज्यादा 48 डिग्री दर्ज किया गया. इस प्रकार एक बार फिर बांदा जिला सबसे अधिक गर्म रहा. फिर प्रयागराज में 46.4, हमीरपुर में 46.2, झांसी में 45.9 और आगरा में 45.3 अधिकतम तापमान रहा. बता दें कि गर्मी बढ़ने की वजह उत्तर भारत में जारी नौतपा की स्थिति को बताया जा रहा है.

इसलिए भी बढ़ रही गर्मी

इसके अलावा मौसम वैज्ञानिकों के मुताबित के अनुसार इस समय पूर्वी उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे होकर एक ट्रफ यानी द्रोणी मणिपुर तक जा रही है. इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भाग में बंगाल की खाड़ी से आ रही आर्द्र (नमी वाली) पुरवा हवाएं पहुंच रही हैं. जब ये हवाएं दक्षिणी हिस्से से आ रही गर्म-शुष्क पछुआ हवाओं से मिल रही हैं, तो संवेदी ऊष्मा बहुत बढ़ जा रही है.

सीएम योगी ने दिए ये निर्देश

यूपी में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्यों को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.जनसामान्य को हीट स्ट्रोक, निर्जलीकरण और गर्मी से होने वाली अन्य समस्याओं से बचाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाने का आदेश दिया गया है.सीएम योगी ने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.

29 मई से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही घर से निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है. इसके अलावा हल्के सूती कपड़े पहनने और थोड़ा सा भी तबीयत खराब होने की स्थिति में डॉक्टर्स से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है. मौसम विभाग की मानें तो 29 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

Follow Us