24 घंटे में यूपी पर आने वाली आफत, फिर घनघोर बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज यानी गुरुवार दो अप्रैल को मौसम सामान्य रहेगा. लेकिन 3 अप्रैल को मौसम में फिर तब्दीली आएगी. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने का भी अलर्ट है.बिजली गिरने की भी घटनाएं हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रहेगी.
उत्तर प्रदेश के लगातार उतार-चढ़ाव जारी है. पिछले एक हफ्ते से कभी धूप और कभी बारिश की स्थिति बन रही है. राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिले जानकारी के मुताबिक, 2 अप्रैल को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही संभाग में मौसम सामान्य होगा. इस दौरान धूप भी खिली होंगी. हालांकि, 3 अप्रैल को मौसम का मिजाज फिर बदला हुआ दिखाई देगा.
3 से 5 अप्रैल तक जारी रहेगी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 3 अप्रैल को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान तीन से पांच अप्रैल तक आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने का अलर्ट है. बिजली गिरने की भी घटनाएं हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रहेगी. तापमान में भारी गिरावट आ सकती है. यह स्थिति 5 अप्रैल तक जारी रहेगी.
मौसम विभाग ने दी ये सलाह
मौसम विभाग ने कहा कि मौसम की ऐसी स्थिति में घर से बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है. अगर बहुत जरूरी नहीं है तो घर से बाहर ना निकले. गाड़ी चलाना, जर्जर पेड़, बिजली के खंभों, पुराने मकान, जर्जर दीवार आदि के पास ठहरना खतरे भरा रहेगा. अगर घर से बाहर है तो आंधी-तूफान की स्थिति मे में सुरक्षित बंद और पक्के स्थलों पर शरण लें.बता दें मौसम में दोबारा बदलाव 3 अप्रैल से सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हो रहा है.
पिछले 24 घंटे के दौरान कैसा रहा मौसम?
कल यानी 01 अप्रैल को मौसम पूरी तरह सामान्य रहा. अच्छी-खासी धूप खिली रही. हालांकि, इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं बहती दिखी, लेकिन प्रदेश के अधिकांश शहरों में बारिश की स्थिति नहीं देखी. अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. लेकिन ये स्थिति अब 24 घंटे के अंदर फिर बदल जाएगी.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे गर्म जिला बांदा रहा. यहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री पाया गया. फिर प्रयागराज में 38.8, कानपुर में 38.3 और झांसी में 38.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो ओरई में 15.8, फिर मेरठ में 17, मुजफ्फरनगर में 17.9 और हरदोई में 18 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.