यूपी में इस तारीख से फिर शुरू होगा बारिश का दौर, धूल भरी आंधी का भी अलर्ट

यूपी पर 19 मार्च से एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ेगा. इसके चलते राज्य के कई जिलों में 19 मार्च से बारिश का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग की मानें तो यह बारिश 21 मार्च तक जारी रह सकती है. इस दौरान धूल भरी आंधी का भी अलर्ट है.

यूपी में बारिश का अलर्ट Image Credit:

यूपी में पिछले दो दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है. उत्तरी पंजाब पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बादल नजर आए. तेज रफ्तार हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. इस बीच कई जिलों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट देखी गई.

17 और 18 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 17 मार्च और 18 मार्च को मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा. आसमान साफ होने के कारण इन दो दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. लेकिन तेज हवाओं के चलते सुबह और शाम का मौसम जरूर सुहाना हो सकता है.

19 मार्च को फिर शुरू होगा बारिश का दौर

यूपी में फिलहाल बारिश का दौर थम चुका है. लेकिन 19 मार्च से एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव प्रदेश पर पड़ेगा. इसके चलते राज्य के कई जिलों में 19 मार्च से बारिश का दौर शुरू हो सकता है. मौसम विभाग की मानें तो यह बारिश 21 मार्च तक जारी रह सकती है.

धूल भरी आंधी की स्थिति आ सकती है

मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर रफ्तार से हवाएं चलेंगी. धूल भरी आंधी की भी स्थिति आ सकती है. साथ ही तापमान में भी गिरावट आ सकती है. आंधी की स्थिति को देखते हुए आईएमडी ने लोगों को 19 से 21 मार्च के बीच घर से बाहर निकलते वक्त सावधानी बरतने की भी सलाह दी है.

सुल्तानपुर और बांदा सबसे गर्म जिला

बारिश की स्थिति के चलते पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में मामूली गिरावट देखी गई. 37.4 डिग्री के साथ सुल्तानपुर और बांदा में सबसे ज्यादा तापमान पाया गया. फिर हमीरपुर में 36.2, ओरई में 36 और झांसी में 36 डिग्री अधिकतम तापमान पाया गया.वही, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो 12.5 डिग्री के साथ नजीबाबाद पहले स्थान पर रहा. फिर मेरठ में 13.6 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 14.8, अयोध्या में 15 और हरदोई में 15.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा.

Follow Us