राम मंदिर चंदा चोरी पर बोले CM योगी- एक घटना को बढ़ाकर हिंदू आस्था पर हो रहा है हमला

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर जारी सियासी विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा है. प्रतापगढ़ में सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या आज पूरी दुनिया का आकर्षण केंद्र बन चुकी है और कुछ लोगों को यही बात परेशान कर रही है. योगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष एक घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर हिंदू आस्था को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ Image Credit: फाइल फोटो

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है. प्रतापगढ़ पहुंचे सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही है और यही बात विपक्ष को परेशान कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल एक घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर हिंदू आस्था को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित चोरी मामले में जांच एजेंसी अपना काम कर रही है. सरकार ने निष्पक्ष जांच की बात कही थी और जिन लोगों के खिलाफ साक्ष्य मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, आज अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन चुकी है.

‘विपक्ष के लोगों को अयोध्या से पीड़ा’

सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पीड़ा यह है कि इतनी बड़ी संख्या में लोग अयोध्या क्यों आ रहे हैं और सनातन आस्था का केंद्र क्यों मजबूत हो रहा है. योगी ने कहा कि कुछ लोग अयोध्या से जुड़ी एक घटना को लेकर पूरे हिंदू समाज और धार्मिक आस्था को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं.

‘चढ़ावा चोरी मामले में निष्पक्ष जांच हो रही’

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या राम जन्मभूमि न्यास की ओर से एसआईटी जांच की मांग की गई थी. उन्होंने खुद भी कहा था कि मामले में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ होगा. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जांच के दौरान जिन लोगों के खिलाफ साक्ष्य मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. उन्होंने साफ किया कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

वक्फ संपत्तियों को लेकर विपक्ष पर सवाल

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वक्फ संपत्तियों का मुद्दा उठाया. उन्होंने सवाल किया कि जब वक्फ के नाम पर जमीनों के कथित दुरुपयोग के आरोप सामने आए तो विपक्ष ने इस पर आवाज क्यों नहीं उठाई.उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में वक्फ के नाम पर हजारों हेक्टेयर जमीनों को लेकर विवाद सामने आए हैं, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर चुप रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए उपयोग की जा सकने वाली जमीनों के दुरुपयोग पर विपक्ष ने कभी सवाल नहीं उठाए.

धार्मिक स्थलों के विकास के पैसे पर भी उठाए सवाल

सीएम योगी ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान धार्मिक स्थलों के विकास के लिए आवंटित धन के उपयोग को लेकर भी सवाल उठे थे. उन्होंने कहा कि जब धार्मिक स्थलों के विकास के पैसों का उपयोग अन्य कार्यों में किया जाता था, तब विपक्ष को आस्था की चिंता नहीं होती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं तो कुछ लोग राजनीतिक कारणों से विवाद खड़ा कर रहे हैं.

गौ तस्करी और अवैध स्लॉटर हाउस का मुद्दा उठाया

सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर गौ संरक्षण को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जब अवैध स्लॉटर हाउस चल रहे थे और गौ तस्करी की घटनाएं होती थीं, तब हिंदू आस्था की चिंता क्यों नहीं की गई. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गौ संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं.

Follow Us