राम मंदिर के पास कितना सोना, कितनी चांदी और बैंक में कितने रुपये हैं, जानिए पूरा हिसाब

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की वित्तीय स्थिति से जुड़ी जानकारी सामने आई है. 31 मार्च 2026 तक ट्रस्ट के पास कुल 1,876.30 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध है. इसमें बैंक एफडी, निवेश और अन्य जमा राशि शामिल है. इसके अलावा ट्रस्ट के पास 32.259 किलोग्राम सोना और 1,518.925 किलोग्राम चांदी सुरक्षित है. ट्रस्ट को सबसे अधिक आर्थिक सहयोग श्रद्धालुओं के दान से मिलता है.

अयोध्या स्थित राम मंदिर Image Credit: AI Generated

अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं का आस्था और दान लगातार बढ़ रहा है. देश-विदेश से आने वाले भक्त नकद, सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं भगवान रामलला को अर्पित कर रहे हैं. ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर राम मंदिर ट्रस्ट के पास कुल कितनी संपत्ति है, बैंक में कितना पैसा जमा है, कितना सोना और चांदी है?

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के 31 मार्च 2026 तक के वित्तीय विवरण के अनुसार, ट्रस्ट के पास कुल 1,876.30 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध है, इसके अलावा ट्रस्ट के पास 32.259 किलोग्राम सोना और 1,518.925 किलोग्राम चांदी भी मौजूद है. आइए आपको पूरी डिटेल में जानकारी बताते हैं-

ये भी पढ़ें: राम मंदिर को कितना मिला दान और कहां किया गया खर्च? ट्रस्ट ने दी हर जानकारी

बैंक में कितना पैसा है?

वित्तीय विवरण के अनुसार ट्रस्ट ने अपनी अधिकांश राशि विभिन्न बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) और अन्य निवेश योजनाओं में रखी है-

एसबीआई (FDR) : ₹791.04 करोड़
बैंक ऑफ बड़ौदा (FDR) : ₹327.30 करोड़
पंजाब नेशनल बैंक (FDR) : ₹652.88 करोड़
म्यूचुअल फंड में निवेश : ₹87 करोड़
ऑटो स्वीप निवेश : ₹10.87 करोड़
सेविंग बैंक बैलेंस : ₹4.77 करोड़
दान काउंटर की नकदी : ₹0.09 करोड़
हंडी की नकदी : ₹0.68 करोड़
एफसीआरए बैंक बैलेंस : ₹1.67 करोड़

इन सभी को मिलाकर ट्रस्ट की कुल फंड पोजीशन ₹1,876.30 करोड़ है.

राम मंदिर के पास कितना सोना है?

भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सोने के आभूषणों और अन्य स्वर्ण वस्तुओं का अलग रिकॉर्ड रखा जाता है. 31 मार्च 2026 तक ट्रस्ट के पास 32.259 किलोग्राम सोना है.

वित्तीय वर्ष 2024 तक प्राप्त सोना : 16.765 किलोग्राम
वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त : 10.445 किलोग्राम
वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राप्त : 5.050 किलोग्राम

राम मंदिर के पास कितनी चांदी है?

सोने के साथ-साथ भक्त बड़ी मात्रा में चांदी भी दान करते हैं. ट्रस्ट समय-समय पर चांदी को शुद्ध कराने की प्रक्रिया भी अपनाता है. रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि पहले प्राप्त चांदी का एक हिस्सा सरकारी टकसाल (SPMCIL) में शुद्ध कराया गया था. वित्तीय विवरण के अनुसार—

कुल शुद्ध चांदी : 1,518.925 किलोग्राम. इसमें 849.272 किलोग्राम 99.99% शुद्ध चांदी रिफाइनिंग के बाद उपलब्ध है. शेष चांदी विभिन्न चांदी की वस्तुओं के रूप में सुरक्षित रखी गई है.

दान से लगातार बढ़ रही संपत्ति

राम मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं. दान पेटी, ऑनलाइन ट्रांसफर, चेक, आरटीजीएस, एनईएफटी और अन्य माध्यमों से ट्रस्ट को नियमित रूप से आर्थिक सहयोग प्राप्त होता है. प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर में दान की मात्रा में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है. यही कारण है कि ट्रस्ट की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत होती जा रही है.

जमीन पर भी हुआ बड़ा निवेश

वित्तीय दस्तावेज़ में मंदिर परिसर के विस्तार के लिए खरीदी गई कई जमीनों का जिक्र है. रिपोर्ट के अनुसार लगभग 2.57 एकड़ भूमि खरीद का विवरण इस सूची में दर्ज है. इन जमीनों का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं, पार्किंग, यात्री सेवा केंद्र और भविष्य की परियोजनाओं के लिए किया जा रहा है.

ट्रस्ट धन का उपयोग कैसे करता है?

ट्रस्ट को मिलने वाला दान केवल बैंक में जमा नहीं रहता, बल्कि उसका उपयोग कई महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है. जैसे- मंदिर निर्माण और विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, धार्मिक अनुष्ठान, कर्मचारियों और प्रशासनिक खर्च, भविष्य की परियोजनाओं के लिए निवेश और भूमि अधिग्रहण और विकास कार्य.

Follow Us