आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटने की कोशिश! अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप; शंकराचार्य बोले- सब नाटक है
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की गोरक्षा यात्रा के बीच आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आशुतोष का दावा है कि ट्रेन में उन पर हमला हुआ और नाक काटने की कोशिश की गई. वहीं, शंकराचार्य ने इसे 'बनावटी नाटक' और 'साजिश' बताते हुए जांच की मांग की है.
एक तरफ ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद अपनी गोरक्षा यात्रा पर हैं. उन्होंने शनिवार को ही बनारस स्थित विद्यामठ से लखनऊ के लिए प्रस्थान किया था. इसी बीच उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमले की बात सामने आई है. आशुतोष ब्रह्मचारी का आरोप है कि किसी ने उनकी नाक काटने की कोशिश की. यह घटना उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है.
आशुतोष ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि वह ट्रेन में सवार होकर रीवा से प्रयागराज जा रहे थे.इसी दौरान चलती ट्रेन में हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने इस वारदात के लिए शंकरार्चा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद गिरी को जिम्मेदार ठहराया. आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया. नाक काटने की कोशिश की गई. गनीमत रही कि उन्होंने टॉयलेट में घुसकर खुद की जान बचा ली.
यात्रियों की वजह से बची जान
आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि घटना के बाद ट्रेन के कोच में अफरा-तफरी मच गई. वह खुद लहूलुहान हालत में टॉयलेट में घुस गए थे. इसके बाद हमलावरों ने टॉयलेट का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इतने में ट्रेन में सवार अन्य यात्री आ गए. जिन्हें देखकर हमलावर भाग गए. उन्होंने बताया कि ट्रेन के प्रयागराज पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत देने के बाद अपना इलाज कराया है.
शंकराचार्य ने भी दिया जवाब
उधर, अपनी यात्रा पर निकले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इस समय रायबरेली में हैं. उन्होंने घटना की जानकारी होने और आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों पर जवाब दिया है. कहा कि यह बहुत बड़ी साजिश है, यदि ठीक से जांच हो जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. शंकराचार्य ने कहा कि ट्रेन के शौचालय में जाते समय तो वह ठीक थे, अंदर ऐसा क्या हुआ कि उनकी नाक कट गई. उन्होंने कहा कि यह सब बनावटी बातें हैं और सिर्फ मातम मनाने का काम है. शंकराचार्य ने कहा कि हो सकता है कि आशुतोष सुरक्षा लेने के लिए यह सब कर रहे हों.