पहले प्यार, फिर भगाकर शादी; 4 बाद ही पति ने क्यों ईंट से कूंचकर ले ली जान?

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां रिश्ते के जीजा ने नाबालिग लड़की को प्यार के जाल में फंसाया, फिर दिल्ली ले जाकर शादी की और फिर वापस आकर ईंट से कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी है. वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

वारदात से पहले शादी, फिर मंदिर में बनाया वीडियो Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां एक नाबालिग लड़की को पहले रिश्ते के जीजा ने प्यार के जाल में फंसाया. फिर चार दिन पहले उसे भगाकर दिल्ली ले गया, जहां उसने लड़की से शादी कर ली. फिर वापस इटावा लौटकर आया और लड़की का सिर ईंट से कुचलकर हत्या कर दी. वारदात के बाद ईंट को लेकर खुद थाने भी पहुंच गया. पूरा मामला जानने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. वहीं लड़की का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

इस संबंध में मृतलड़की के पिता रघुराज सिंह ने पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि आरोपी उनके रिश्ते में दामाद है. 4 मार्च को वह उनकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला कर भगा ले गया.काफी खोजबीन के बाद पता चला कि आरोपी उनकी बेटी को दिल्ली ले गया है, जहां दोनों ने किसी मंदिर में शादी कर ली है. इस जानकारी के बाद उनकी पत्नी ने बेटी को फोन किया और उसे घर लौटने के लिए कहा. इसके बाद दोनों घर आ गए.

अस्पताल में मिला बेटी का शव

पीड़ित पिता के मुताबिक शनिवार की देर रात उन्हें पुलिस से घटना की जानकारी मिली. उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी की हत्या हो गई है. इस सूचना पर वह इटावा मुख्यालय स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे. यहां उनकी बेटी का शव स्ट्रेचर पर पड़ा मिला. पीड़ित पिता के मुताबिक बेटी के शरीर पर गहरे जख्म के कई निशान थे. आरोपी ने ईंट से उनकी बेटी को बुरी तरह कुचलकर मार डाला है. वहीं गर्दन पर चाकू से भी वार किया है.

शादीशुदा है आरोपी

मृत लड़की के भाई ने बताया कि आरोपी विजय उनका रिश्तेदार है. वह पहले उनकी मौसी की बेटी को भगा ले गया था. उससे शादी किया और दोनों का एक बेटा भी है. अब आरोपी उनकी बहन को बहला फुसलाकर भगा ले गया, लेकिन उसकी हत्या कर दी है. डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. श्याम मोहन के मुताबिक कोतवाली पुलिस रविवार की सुबह शव लेकर अस्पताल पहुंची थी. उस समय तक लड़की की मौत हो चुकी थी. वहीं कोतवाल यशवंत सिंह ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया था. उसकी सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है. मामले की जांच कराई जा रही है.