इटावा: गोद भराई के अगले दिन दूल्हे ने खुद को मारी गोली, शादी से था नाखुश; परिवार में मातम

इटावा के ऊसराहार में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ग्राम प्रधान के भतीजे ने गोद भराई की रस्म के अगले ही दिन खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मौत की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि युवक दूसरे जगह शादी करना चाहता है. घटना के बाद से परिवार सदमे में है.

गोद भराई के बाद युवक ने की आत्महत्या Image Credit:

इटावा जिले के ऊसराहार क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. ग्राम पंचायत क्योंता सरैया गांव में गोद भराई की रस्म होने के ठीक अगले दिन ग्राम प्रधान के भतीजे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. शनिवार को जहां घर में खुशियां थी, वहीं रविवार सुबह युवक की मौत की खबर से पूरा परिवार और गांव सदमे में आ गया.

परिजन इस बात को लेकर हैरान हैं कि जिस युवक ने शादी के लिए सहमति दी थी, उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया. मृतक की पहचान ओमबाबू उर्फ नीलू के रूप में हुई है, जो ग्राम प्रधान अजब सिंह का भतीजा था. और अपने पिता का एकलौता पुत्र था. उसकी शादी पड़ोसी औरैया जिले के एरवाकटरा में एक की युवती से तय हुई थी.

सुबह खेत में मिला शव, अवैध तमंचा बरामद

परिजनों के मुताबिक शनिवार को नीलू की सहमति से उसकी शादी तय हुई थी. उसी दिन लड़की की गोद भराई की रस्म भी पूरी की गई थी. उस समय नीलू ने किसी तरह की नाराजगी या आपत्ति नहीं जताई थी, लेकिन इसके बाद से वह कुछ परेशान नजर आ रहा था. इस बीच रविवार तड़के 3 बजे नीलू घर से उठकर गांव के बाहर खेत की ओर चला गया.

नीलू घर से खेत में जाकर उसने अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली. सुबह जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो पहले हत्या की आशंका जताई गई. सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.

8 महीने पहले दूसरी लड़की से तय हुई थी शादी

बताया गया है कि नीलू शिक्षक बनने की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई को लेकर गंभीर था. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं. ग्राम प्रधान अजब सिंह ने बताया कि नीलू ने शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी परिवार से साझा नहीं की थी. आत्महत्या की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक द्वारा गोली मारकर आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. ऐसा बताया जा रहा है कि युवक की आठ माह पहले कहीं और शादी की बात चल रही थी, नीलू उसी लड़की से शादी करना चाहता था. पुलिस जांच में जुटी है.