4 साल का विवाद, पत्नी ने भी छोड़ा साथ… मां-बाप समेत खत्म कर दिया पूरा परिवार, बहराइच के कातिल बेटे की कहानी
उत्तर प्रदेश के बहराइच में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने माता-पिता, बहन और दादी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी. यह खूनी वारदात नशे की हालत में हुई, जहां पुराने विवाद ने विकराल रूप ले लिया. आरोपी की पत्नी पहले ही उसे छोड़ चुकी है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है. यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि परिवार के ही एक युवक ने संपत्ति विवाद की वजह से अंजाम दिया है. घटना रविवार की रात करीब साढ़े 12 बजे की है. आरोपी ने महज 8 मिनट में कुल्हाड़ी से काटकर अपने मात-पिता, बहन और दादी को मौत की नींद सुला दिया. इस दौरान बीच बचाव करने बड़े भाई आए तो आरोपी ने उनके ऊपर भी जानलेवा हमला किया.
मामला बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में रामनगर गांव का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं वारदात में घायल दोनों भाइयों को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है. आइए, जानते हैं कि रात के साढ़े 12 बजे जब पूरा गांव नींद के आगोश में था, उस समय आरोपी युवक के सिर पर कैसे हैवान सवार हो गया और उसने अपने ही मां-बाप, बहन और दादी का कातिल बन गया.
संपत्ति को लेकर हुआ था झगड़ा
वारदात में गंभीर रूप से घायल आरोपी के बड़े भाई गुरुदेव ने पुलिस में बयान दिया है. उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई रविवार की रात नशे में था. वह करीब साढ़े 12 बजे मां से झगड़ा करने लगा. उसका आरोप था कि माता-पिता बड़े बेटे को संपत्ति दे रहे हैं. इस बात पर बहस हुई और इसमें उसके पिता भी शामिल हो गए. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मां-बाप की हत्या कर दी. इस दौरान बीच बचाव करने दादी और बहन आई तो आरोपी ने उसी कुल्हाड़ी से काटकर उनकी भी हत्या कर दी. इतने में चीख-पुकार सुनकर वह खुद भी पहुंचे तो आरोपी ने उनके ऊपर हमला किया.
चार साल से चल रहा था विवाद
पड़ोसियों के मुताबिक परिवार में दो भाई गुरुदेव और निरंकार हैं, लेकिन दोनों में अक्सर झगड़ा होता था. चार साल पहले इनके माता-पिता ने कुछ रकम बड़े बेटे को काम शुरू करने के लिए दी थी. उसी समय से छोटा बेटा निरंकार आए दिन माता-पिता पर आरोप लगाते हुए मारपीट करता था. रविवार को भी हमेशा की तरह उसने माता-पिता पर आरोप लगाया तो उन्होंने इसका विरोध किया था. इसी बात पर झगड़े ने खूनी रूप ले लिया.
मायके में रहती है पत्नी
पड़ोसियों के मुताबिक घर में रोज-रोज की कलह से तंग आकर आरोपी की पत्नी पहले ही उसे छोड़ कर जा चुकी है. वह अब मायके में रहती है. गनीमत है कि इस वारदात के वक्त वह नहीं थी, यदि वो होती तो एक और शव इस आंगन में पड़ा होता. फिलहाल वारदात में गंभीर रूप से घायल आरोपी के बड़े भाई गुरुदेव को सीएचसी चरदा में भर्ती कराया गया है. वहीं आरोपी भाई निरंकार की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया है.