बलिया: ‘निर्बंस’ होने का ताना मारती थी भाभी, देवर ने भतीजे की कर दी निर्मम हत्या; चाचा-चाची गिरफ्तार

बलिया में 9 साल के मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मासूम की जान किसी और ने नहीं बल्कि उसके सगे चाचा ने ले ली. आरोपी का कोई संतान नहीं है और भाभी द्वारा निर्बंस का ताना मारने से नाराज होकर यह कदम उठाया. आरोपी ने बच्चे की निर्मम हत्या कर शव घाघरा नदी में फेंक दिया था.

देवर और देवरानी गिरफ्तार Image Credit:

बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में एक मासूम की निर्मम हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया. पुलिस ने जांच पड़ताल कर अब मामले का खुलासा कर दिया है. चौंकाने वाली बात है कि हत्या कोई और नहीं बल्कि बच्चे का अपना सगा चाचा निकला. उसने भाभी द्वारा निर्बंस के ताना मारने पर यह कदम उठाया. पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है.

दरअसल, यह मामला सहतवार थाना के सिंगही गांव का है. यहां के रहने वाले चंदन प्रजापति का 9 साल की बेटा अचानक घर के बाहर से गयब हो गया था. पिता ने 25 जनवरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत की. पुलिस ने जांच शुरू की तो पांच दिन बाद घाघरा नदी में बच्चे का शव मिला. पोस्टमार्टम कराया गया तो सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टी हुई.

सीसीटीवी में आरोपी बच्चे के साथ जाता दिखा था

अपर पुलिस अधीक्षक, दिनेश कुमार शुक्ला ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 जनवरी को सहतवार थाने में सूचना मिली कि 9 साल का बच्चा घर के बाहर खेल रहा था अचानक गायब हो गया. पुलिस ने खोजबीन के लिए तीन टीमें गठित की थी, इस बीच 31 जनवरी को शाम के करीब 5 बजे बच्चे का शव घाघड़ा नदी में मिला.

उन्होंने बताया कि जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो मौत का कारण सिर में चोट और पानी में डूबने की बात सामने आई. इसके बाद आगे जांच की गई तो बच्चे के सगे चाचा गणेश प्रजापति और चाची अमृता देवी पर शक गहराया. पुलिस ने पास में लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो उसमें आरोपी चाचा घटना के दिन बच्चे के पीछे-पीछे जाता पाया गया.

भतीजे को बहला-फुसलाकर ले गया, फिर कर दी हत्या

ASP दिनेश शुक्ला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गणेश प्रजापति पास के एक नाबालिग बच्चे और मृतक अभिषेक से बात कर रहा था. उसने दोनों को बोला चलो तुम्हें चॉकलेट खिलाते हैं. दोनों बच्चे साइकल से गए वो पीछे से बाइक से निकला. इस बीच उसने बच्चे के सिर पर भारी चीज से वार किया और शव नदीं में फेंक दिया.

उन्होंने बताया कि आरोपी जब वापस आ रहा था, तब दूसरे नाबालिग बच्चे ने अभिषेक के बारे में पूछा, उसने कहा कि उसे नाव पर बैठा दिया है, खेलने गया है. इसके अलावा सर्विलांस में भी आरोपी का लोकेशन उस समय घटनास्थल पर ही मिला. पुलिस ने आरोपी गणेश प्रजापति और उसकी पत्नी अमृता देवी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने में जुटी है.