आंखों में झोंकी मिर्ची, फिर चाकू से किए 17 वार; GF की डिमांड के लिए भाई का हत्यारा बना UPSC छात्र
उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड की बढ़ती मांगों को पूरा करने के लिए पैसों के खातिर अपने बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी. उसने पहले भाई की आंखों में मिर्ची झोंकी, फिर चाकू से 17 वार किए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है.
उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक युवक ने अपने सगे भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने गांव के ही पांच लोगों को आरोपी बताते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया. हालांकि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है. मामला गोंडा में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के दुल्हिनपुरवा गांव का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक बीते सप्ताह तीन फरवरी को इस गांव में रहने वाले शिव शंकर उर्फ लल्ला दुबे की संदिग्ध परिस्थिति में हत्या हो गई थी. इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अब मृतक लल्ला दुबे के छोटे भाई अमरनाथ दुबे को अरेस्ट किया है. अमरनाथ ने पुलिस की पूछताछ में वारदात कबूल लिया है. साथ ही वारदात की जो वजह बताई है, वो काफी हैरतंगेज है.
सामने आई पूरी कहानी
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमरनाथ दिल्ली में रहकर यूपीएससी की की तैयारी कर रहा था, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो पिछले साल आकर तैयारी के बहाने लखनऊ रहने लगा. यहीं पर उसका एक लड़की से चक्कर चलने लगा. चूंकि लड़की की डिमांड रोज बढ़ती जा रही थी और घर से मिलने वाले खर्चे से इसकी पूर्ति नहीं हो रही थी. इसलिए अमरनाथ परेशान रहने लगा. उसने अपने बड़े भाई से पैसे ज्यादा मांगे तो उसने पढाई छोड़कर घर आकर रहने और खेती बाड़ी में हाथ बंटाने को कह दिया.
बड़े भाई के पास रहता था हिसाब
पुलिस के मुताबिक आरोपी के माता-पिता कल्पवास करने के लिए प्रयागराज गए थे. इधर, घर का पूरा हिसाब-किताब लल्ला दुबे के पास था. लल्ला दुबे ही अमरनाथ को पैसे भेजते थे. चूंकि उन्होंने अब पैसे देने से मना कर दिया तो अमरनाथ को लगने लगा कि वह उसका करियर खराब करना चाहते हैं. इसलिए आरोपी ने माता-पिता के कल्पवास से लौटने के पहले लल्ला की हत्या का प्लान बनाया.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
योजना के तहत आरोपी ने 27 जनवरी को करनैलगंज में एक साइकिल बेचने वाले से 60 रुपये में चाकू खरीदा और 4 दिन बाद 31 जनवरी को ₹20 देकर उसमें धार लगवाई. फिर तीन दिन बाद यानी 3 फरवरी की रात वह भाई के साथ पानी लगाने के बहाने खेत में गया, जहां उसने पहले भाई की आंख में मिर्च झोंक दिया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 17 वार कर हत्या कर दी. इस दौरान चाकू लगने से वह खुद भी घायल हो गया था.
मेड़ में दबाया दिया रुपये
वारदात के बाद आरोपी ने लल्ला की जेब से 31500 रुपये निकालकर खेत में मेड की मिट्टी से दबाकर घर आ गया. इसके बाद पुलिस को सूचना देते हुए गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया. हालांकि पुलिस की जांच के दौरान उसका झूठ टिक नहीं पाया और उसने पुलिस के सामने वारदात कबूल लिया है.