जिला पंचायत ऑफिस में वकील की गोली मारकर हत्या, पत्नी भी घायल; रामपुर पुलिस में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में दिनदहाड़े हुई फायरिंग में एक वरिष्ठ वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं हैं. आरोपी, इसी कार्यालय का एक बाबू, असगर अली है, जिसने निजी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.

रामपुर में वकील की गोली मारकर हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार को दिन दहाड़े फायरिंग हुई. गोली इसी ऑफिस में तैनात एक बाबू ने चलाई. इसमें जिले के एक वरिष्ठ वकील की गोली लगने से मौत हो गई. वहीं वकील की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार लिया. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वकील की पत्नी और आरोपी असगर अली को अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक मृत वकील की पहचान फारूख के रूप में हुई है. उनकी पत्नी इस जिला पंचायत कार्यालय में ही नौकरी करती थी. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी का आरोपी असगर अली के साथ कुछ टशन चल रहा था. इसी रंजिश में जब फारुख अपनी पत्नी से मिलने उनके ऑफिस पहुंचे तो आरोपी से उनकी कुछ बहस हुई और इसी दौरान आरोपी ने जेब से पिस्टल निकालकर फारूख पर गोली चला दिया. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

फायरिंग से मची अफरा-तफरी

फायरिंग की आवाज से जिला पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. अंदर से सभी कर्मचारी और वहां काम कराने आए लोग बाहर निकले तो वकील और उनकी पत्नी गोली लगने से तड़प रहे थे. पास में ही आरोपी भी मौजूद था. उसने भी खुद के ऊपर गोली चलाई थी, लेकिन गोली छूकर निकली है. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वकील और उनकी पत्नी के साथ आरोपी को भी अस्पताल पहुंचाया.

भतीजे ने दर्ज कराया केस

पुलिस के मुताबिक मृत वकील फारूख के भतीजे कामरान खान ने पुलिस में तहरीर दी है. इसमें कामरान ने जिला पंचायत कार्यालय में तैनात बाब असगर अली पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. सूचना मिलने पर पहुंचे एसपी रामपुर विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि आरोपी को भी गोली लगी है और हिरासत में ही उसका इलाज कराया जा रहा है.