लड़कियों से छेड़खानी, अपहरण के प्रयास… गोल्डेन साहनी पर हिट एंड रन के बाद नई मुसीबत

गोरखपुर के रंगबाज गोल्डेन साहनी पर हिट एंड रन के बाद अब छेड़खानी और अपहरण के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ है. उसने फॉर्च्यूनर से MBBS छात्र सहित दो लोगों को कुचलने से पहले राह चलती लड़कियों को अगवा किया था. उनके साथ अभद्रता की, और विरोध पर गोलियां भी चलाई थी.

पुलिस गिरफ्त में गोल्डन साहनी. Image Credit:

गोरखपुर में खुद को कैबिनेट मंत्री का करीबी बताने वाले रंगबाज गोल्डेन साहनी ने नशे की हालत में फॉर्च्यूनर से एक MBBS छात्र और एक अन्य व्यक्ति को कुचल दिया. दोनों की मौत हो चुकी है. यह घटना मोहद्दीपुर–चारफाटक ओवर ब्रिज पर होली के दिन की है. वहीं, हिट एंड रन से पहले उसने दो लड़कियों को अगवा करके उनके साथ अभद्रता की भी थी.

बेलीपार थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने गीडा थाने में इस मामले में तहरीर दी है. पीड़िता ने बताया कि 4 मार्च की दोपहर वह अपनी सहेली के साथ गांव जान रही थी. तभी गोल्डेन साहनी काले रंग के फॉर्च्यूनर गाड़ी से चार-पांच लोगों के साथ वहां पहुंचा. उसने दोनों को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया, छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उन पर फायर कर दिया.

हत्या के प्रयास, छेड़खानी और अपहरण में FIR

पीड़ित युवती ने बताया कि होली के दिन सुबह वह अपनी सहेली के साथ लखनऊ से गोरखपुर आई थी. बाघागाड़ा स्थित एक होटल में वह अपने सहेली के साथ रुकी थी. यह घटना दोपहर करीब 3:00 बजे की है,जब वह होटल से अपने गांव जा रही थी. शोर मचाने पर गोल्डेन ने उन पर फायर किया, लेकिन शराब के नशे में निशाना चूक गया और उसकी जान बच गई.

वहीं, लड़कियों के साथ गोल्डेन साहनी के अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है. पुलिस ने गोल्डन साहनी के ऊपर हत्या के प्रयास, छेड़खानी और अपहरण की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है. SSP डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि एक युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, CCTV और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

आरोपी की फॉर्च्यूनर कार पर कुल 35 चालान

होली के दिन रात करीब 10 बजे शाहपुर थाना में मोहद्दीपुर ओवर ब्रिज पर मौत का तांडव देखने को मिला था. तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर सवार ने रॉन्ग साइड आकर बाइक सवारों को ठोकर मार दी. एक स्कूटी सवार MBBS थर्ड ईयर के छात्र की मौके पर मौत हो गई. दूसरा नेत्र रोग विशेषज्ञ का भाई निकला जिसकी एम्स में इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई थी.

आरोपी गोल्डेन साहनी इस समय सलाखों के पीछे है. उसने खुद को कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का करीबी और पिपरोली का भावी ब्लॉक प्रमुख बताता है. रिकॉर्ड के मुताबिक, गोल्डेन साहनी ने पिछले 1 साल में 19 बार ओवरलोडिंग की. 2 बार डेंजरस ड्राइविंग की और 5 बार नो पार्किंग का उल्लंघन किया. आरोपी की फॉर्च्यूनर कार पर कुल 35 चालान हैं.